आज दिल्ली और आसपास के इलाकों समेत देश के कई हिस्सों में आए भूकंप का केंद्र हरियाणा का बहादुरगढ़ इलाका था. यह दिल्ली से कुछ ही दूरी पर है. हरियाणा के हिसार में भूकंप के कारण एक मकान की दीवार गिरने की खबर है जिससे छह लोग दबकर घायल हो गए हैं. कई लोगों के मलबे में अब भी दबे होने की सूचना है. रोहतक के एक स्कूल की छत फटते फटते बच गई, छत में दरारें आ गई हैं. हरियाणा में कई जगहों से लोगों के सामने गिरने की खबर है.
दिल्ली, हरियाणा, यूपी, पंजाब में आए इस भूकंप की तीव्रता 5.1 थी. दिल्ली नोएडा गायिबादा इलाके में करीब दस सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए. घरों में बैठे लोगों को सब कुछ हिलता हुआ महसूस हुआ. पिछले साल सितंबर महीने में भी दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके आए थे जिसकी तीव्रता 4.2 थी.
उधर, भूकंप के झटकों के बाद फेसबुक और ट्विटर पर लोगों में एक दूसरे के अनुभव सुनने बताने की होड़ लग गई है. सुहेल सेठ ने ट्विटर पर लिखा- ‘मैंने अभी-अभी झटके महसूस किए!! क्या यह भूकंप था या मायावती अपना बोरिया बिस्तर बांध रही हैं?’ टॉम राइट लिखते हैं- ‘दिल्ली में 7 सेकेंड तक झटका महसूस किया गया। हां, दिल्ली वाले सुरक्षित हैं.’ कुशन मित्रा के मुताबिक- ‘मैंने भूकंप महसूस नहीं किया। यह इसलिए हुआ है क्योंकि मेरी कुर्सी बहुत हिलती है.’ मेरी गोल्ड की सलाह है- ‘ट्विटिंग करने से बेहतर होगा कि आप सुरक्षित जगह पर जाकर खुद का भला करें.’ स्मिता शर्मा बताती हैं- ‘मैंने अभी-अभी देखा कि मेरा बैग 7 सेकेंड तक हिलता रहा.’


