बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती सुबह से ही बैठकों में व्यस्त हैं. माना जा रहा है कि खास रणनीतिकारों से बदले हालात पर चर्चा कर रही हैं. यह भी चर्चा है कि आज दोपहर बाद साढ़े तीन बजे वह राज्यपाल से भी मिलने वाली हैं. इस बीच मायावती के शाम तक इस्तीफा देने की अटकलें तेज हैं. आज सुबह से वोटों की गिनती शुरू होने से पहले ही बसपा प्रमुख मायावती ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया.
बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह ही मायावती के घर पर एक विशेष बैठक हुई. पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा सहित कुछ अहम लोग इस बैठक में मौजूद रहे. इन लोगों के साथ ही मायावती घर पर टीवी और फोन के जरिए नतीजों की जानकारी जुटा रही हैं. उन्होंने अपने सभी जोनल कोर्डीनेटरों को फरमान जारी किया है कि नतीजे आने के बाद पार्टी के सभी जीते हुए विधायकों को लेकर तुरंत लखनऊ पहुंचें.


