अजमेर। अखिल भारतीय जन कल्याण संस्थान/ट्रस्ट ने मध्य प्रदेश में एक पुलिस अधिकारी की हत्या पर आक्रोश व्यक्त करते हुए जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला फूंका और जिला कलक्टर को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन देकर मध्य पदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई। अखिल भारतीय जन कल्याण संस्थान/ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनम किन्नर ने बताया कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में गत आठ मार्च को मध्य प्रदेश में देश को कलंकित करने वाले काले अध्याय का एक पृष्ठ और जुड़ गया जब खान माफिया द्वारा एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार आईपीएस अधिकारी नरेन्द्र कुमार को एक ट्रैक्टर द्वारा कुचल दिया गया। मध्य प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता उस समय सामने आ गई जब प्रदेश के गृहमंत्री तक ने इस साजिशपूर्ण हत्या को महज एक दुर्घटना करार देते हुए बेशर्मीपूर्वक टीवी चैनलों पर अपना बयान दिया।
सोनम ने कहा कि मध्य प्रदेश में एक लंबे समय से माफिया का राज चल रहा है। नेताओं से माफिया की जुगलबंदी अब किसी से छिपी नहीं रह गई है। जिस राज्य में भारतीय पुलिस सेवा के अफसर तक सुरक्षित नहीं हैं, वहां एक आम आदमी कितना सुरक्षित होगा, इसकी कल्पना मात्र से दिल सिहर उठता है। श्री नरेन्द्र कुमार की धर्मपत्नी एक आईएस अधिकारी हैं और वर्तमान में मैटर्निटी अवकाश पर थीं। अगले माह वे एक संतान को भी जन्म देने वाली हैं। जन्म से पूर्व ही जिस संतान के सिर से पिता का साया उठ गया हो, उसके भविष्य की चिंता होना सहज है। मुरैना में खनन माफिया का शिकार बने आईपीएस अफसर नरेंद्र कुमार के पिता केशव देव का साफ कहना है कि उनके बेटे की हत्या में राजनेताओं का हाथ है और पुलिस का रुख भी असहयोगात्मक है। उन्होंने भाजपा के एक विधायक पर भी अंगुली उठाई और कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सब पता है। जब उनसे उस विधायक का नाम बताने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और नाम बताया तो उनकी बहू को भी खतरा हो सकता है।

सोनम ने बताया कि पुलिस की साजिश का पर्दाफाश खुद चंबल रेन्ज के डीआईजी देव प्रकाश गुप्ता ने आज प्रेस कांफ्रेंस में किया, जब उन्होने बताया कि श्री नरेन्द्र कुमार के साथ चार और पुलिसकर्मी भी थे, जो अवैध खनन की कार्रवाई रोकने के लिए गए थे। उन चार पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार कर उन पर हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए जो कि अपने अधिकारी तक को नहीं बचा पाए। पिछले कुछ माह में शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में जो घटनाएं हुई हैं, वे साबित करती हैं कि शिवराज चौहान पूरी तरह से भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के हाथ में खेल रहे हैं। ऐसे व्यक्ति को एक पल भी राज्य की कमान संभालने का अधिकार नहीं है जो अपने राज्य के अधिकारियों और जन साधारण को सुरक्षा नहीं दे सकता। आपसे अनुरोध है कि अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाली मध्य प्रदेश सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दोषी विधायक सहित उन सभी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा चलाया जाए जो कि इस हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने जिला कलक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भयमुक्त समाज की स्थापना का संविधान निर्माताओं का सपना साकार हो सके। ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय जन कल्याण संस्थान/ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनम किन्नर के साथ शराफत हुसैन घोसी, नूर मोहम्मद पठान, इमरान खान, वसीम घोसी, रमेश ललवानी, शकील पठान, राहुल, सरवन यादव, युपूफ चौहान, दिनेश और पिन्टू प्रजापति शामिल थे।


