नई दिल्ली। रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी के इस्तीफे के मामले में नया मोड़ आ गया है। त्रिवेदी ने कहा है कि उन्होंने अभी इस्तीफा नहीं दिया है। पहले खबर आई थी कि ममता के निर्देश पर उन्होंने इस्तीफा दे दिया है तथा पीएम ने उसे स्वीकार भी कर लिया है। पर अब यह मामला पेचिदा हो गया है। रेलमंत्री ने बंगाली न्यूज चैनल स्टार आनंदो से बातचीत में कहा कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि वे इस्तीफा तभी देंगे जब उनसे ममता बनर्जी या मनमोहन सिंह की ओर से ऐसा करने का निर्देश दिया जाएगा।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को उनके पद से हटाए जाने की मांग प्रधानमंत्री से की थी तथा इसका फैक्स भी पीएम को भेजा था। चैनल से बातचीत में त्रिवेदी ने कहा कि वह आज बतौर रेल मंत्री संसद जाएंगे और प्रश्नकाल के दौरान उनसे पूछे गए सवालों का जवाब भी देंगे। त्रिवेदी ने कहा कि बंगाल को विशेष पैकेज के लिए संसद में तृणमूल सांसदों के धरने के कार्यक्रम में वह शामिल नहीं होंगे। क्योंकि इसके बारे में मुझे पार्टी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
रेल मंत्री ने कहा कि रेल बजट पास होने के बाद से ममता ने उनसे कोई बात नहीं की है। अगर उनका कोई निर्देश आता है तो उस पर अमल किया जाएगा। श्री त्रिवेदी ने यह भी किया कि रेल यात्री किराए में बढ़ोतरी के संकेत मैंने ममता बनर्जी को पहले ही दे दिए थे। केंद्र सरकार भी डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। पीएमओ ने भी कहा है कि उन्हें दिनेश त्रिवेदी का इस्तीफा नहीं मिला है। सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर त्रिवेदी पर बहुत दबाव है। टीएमसी प्रमुख उन्हें 31 मार्च तक के लिए अभयदान दे सकती हैं।


