लंदन। रूपर्ट मर्डोक के बंद हो चुके 168 साल पुराने अखबार न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के एक पूर्व पत्रकार नेविल थुर्लबेक को ब्रिटेन के अधिकारियों ने गवाहों के साथ नजदीकियां बढ़ाने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि फोन टैपिंग के मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद अखबार के इस पूर्व 51 वर्षीय संवाददाता नेविल थुर्लबेक को पिछले साल पांच अप्रैल को कोर्ट ने जमानत दे दी थी। इसके बाद से ही यह पत्रकार गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक बयान में बताया कि नेविल को फोन हैंकिंग के मामले में पूछताछ करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।
नेविल को मध्य लंदन पुलिस के समक्ष पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही न्यूज ऑफ द वर्ल्ड की पूर्व संपादक रेबेका ब्रुक्स को गिरफ्तार किया गया था। अब तक इस मामले में न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के कई पत्रकारों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया जा चुका है। पिछले साल फोन हैकिंग विवाद के सामने आने के बाद मर्डोक ने जुलाई में इस अखबार को बंद कर दिया था।


