लखनऊ। लखनऊ जेल में डिप्टी सीएमओ वाईएस सचान मौत मामले में एक और खुलासा हुआ है। लखनऊ जेल के जेलर जेपी श्रीवास्तव का कहीं कोई खबर नहीं है। जेलर भी 22 जून की सुबह से गायब बताए जा रहे हैं। जेलर जेपी श्रीवास्तव को डिप्टी सीएमओ डॉक्टर वाईएस सचान की मौत के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। अब जेलर को लेकर भी तमाम तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जेलर श्रीवास्तव उसी समय से लापता हैं, जब जेल में सचान के गायब होने की खबर आई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वो बुधवार सुबह जेल आए और उसके बाद किसी को कुछ बताए बिना गायब हो गए और अभी तक गायब हैं। जेलर का कुछ दिन पहले ही जौनपुर से लखनऊ के लिए तबादला हुआ था। बताया जा रहा है कि जेलर के तबादला के लिए बकायदा एक कैबिनेट मंत्री ने सिफारिश की थी। माना जा रहा है कि जेलर या तो किसी साजिश का हिस्सा बनने के लिए राजी नहीं थे या फिर उन्हें पता था कि साजिश कामयाब रही तो सबसे पहले उनकी गर्दन नपेगी। जेलर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरु हो गई है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। अब असलियत क्या है यह तो जेलर के मिलने के बाद ही पता चल सकेगा।
गौरतलब है कि सीएमओ हत्याकांड के आरोपी डिप्टी सीएमओ वाईएस सचान ने लखनऊ जेल में खुदकुशी नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई। डा. सचान का शव जेल के बाथरूम में बेल्ट के सहारे लटका पड़ा मिला था। बुधवार सुबह साढ़े बजे से ही वो जेल में ही लापता हो गए और रात आठ बजे उनका शव बरामद किया गया।


