उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति चुनाव-2012 में अध्यक्ष पद हेतु नामांकन पूर्व चुनाव घोषणा पत्र आदरणीय पत्रकार बंधुओं/प्रिय मित्रवर – मैं इस बार भी उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष पद पर चुनाव 2012 हेतु अपनी संभावित उम्मीदवारी प्रस्तुत करने जा रहा हूं। मैं इसके पूर्व भी अध्यक्ष पद पर तीन बार चुनाव लड़ चुका हूं लेकिन मुझे आप सभी भाइयों का सहयोग तो मिला पर जीत नहीं सका। जिसके लिए मैं आप सभी भाइयों का दिल से आभारी हूं। मैं कुछ अहम मुद्दे आप लोगों के सामने रखना चाहता हूं कि आखिर इन तीन चुनावों व पिछले एक दशक में निर्वाचित लोगों की कमेटी ने पत्रकारों की समिति के लिए क्या-क्या किया, इसकी समीक्षा हम सब भाई लोगों के बीच अवश्य होनी चाहिये। मेरा मानना है कि जो भी इस समिति का सम्मानीय अध्यक्ष रहा हो वह अपनी इस समिति के सम्मान व प्रदेश के तमाम पत्रकारों के सम्मान व उसके हक के लिए अब तक क्या कर सका, इन बातों को चुनाव पूर्व रखें, जिससे हमारे तमाम पत्रकार मतदाता यह जान सकें कि पिछले दस वर्ष से गठित समिति ने पत्रकारों के हित व सम्मान के लिए अब तक क्या-क्या किया।
अब समय आ गया है कि चुनाव पूर्व हमारे तमाम प्रिंट मीडिया/इलेक्ट्रानिक चैनल के संवाददाता इन बातों की समीक्षा कर एक नये चेहरे को मौका दे सके। और हमारी इस समिति का पूर्व में कायम वर्चस्व भी प्रदेश में दिखाई देने लगे। समिति के पदाधिकारियों के काम की समीक्षा हमारे बीच में इस लिए होनी चाहिये कि हमारी समिति के अधिकार व पत्रकार भाइयों के लिए गठित इस समिति का स्वरूप काफी कमजोर हो गया है। मै यह नहीं कहता कि फलां ने क्या नहीं किया लेकिन मेरा आप सभी से यही अनुरोध है कि आप मेरी बात को व मेरे मुद्दों को समझे। मैे चाहता हूं कि प्रदेश में पत्रकारों के हितों के लिए गठित इस समिति का वर्चस्व आप सभी के सहयोग से एक बार फिर कायम हो सके और सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों के हितों की रक्षा हो सके। मैं आखिरी बार इस समिति के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर चुनाव लड़ने की इच्छा रखता हूं। आप सभी के आशीर्वाद से मैं इस बार चुनाव में पत्रकारों के स्वरूप को बदलने की दृण इच्छा शक्ति के साथ मैदान में उतरने की चाहत रख रहा हूं, जिसमें आप सभी की सहमति अगर बन सके तो यह मैरा सौभाग्य होगा।
मैं चाहता हूं कि मुझे अगर एक मौका आप सभी मित्रवर लोगों ने दिया तो यह मेरा वायदा है कि मैं उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति व प्रदेश के तमाम पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ पिछले स्वरूप को बदल कर रख दूंगा। और पत्रकारों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। पत्रकारों के वेलफेयर तथा पत्रकारों के साथ हो रहे सरकारी अन्याय को भी अपनी ताकत से बदल कर रखने की हिम्मत पैदा कर दूंगा, जिससे पत्रकारों व समिति का सम्मान फिर से वापस इस प्रदेश में लाया जा सके। मैं इस बार के चुनाव में अपने कुछ अहम मुद्दे अपने उन तमाम साथियों के बीच रख रहा हूं, जिसे आप सभी के सहयोग से तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। अगर आप लोगों ने एक मौका इस भाई को दिया तो मैं जरूर नई व्यवस्था परिर्वतन कर कई अहम निर्णय लागू करा सकूंगा। और अपने बुजुर्ग पत्रकार साथी तथा युवा पत्रकार साथियों के हितों को व उनके सम्मान को पुनः बहाल करा सकूंगा। तथा सरकार के बीच के सामजंस्य को भी स्थापित करने में अहम भूमिका अदा कर सकूंगा। आपके आशीर्वाद व प्यार का अभिलाषी।
पत्रकार हित के लिए जो एजेंडा और योजनाएं हैं उनकी रुपरेखा आपके सामने प्रस्तुत कर रहा हूं –
1. प्रदेश के सभी सम्मानित पत्रकार, जो समाचारों के संकलन से जुड़े हुए हैं उनके लिए उनके सम्मान की रक्षा करना सबसे बड़ा दायित्व है। युवा पत्रकारों को अधिक से अधिक बढ़ावा देकर उनको किस तरह से खबर लिखनी है और किस तरह से कवरेज को देना है उसकी एक कार्यशाला का आयोजन कराना सुनिश्चित करना।
2. प्रदेश की राजधानी में मौजूद तमाम पत्रकारों को समाचार संकलन करने के लिये क्या-क्या परेशानी होती है, उस पर विशेष ध्यान सुनिश्चित करके उन असुविधाओं को दूर करना।
3. पत्रकार व सूचना विभाग के बीच के टूट रहे तालमेल को स्थापित करके उन सभी पत्रकारों को समय से हर वह सुविधा उपलब्ध कराना जिसके वह पात्र हैं।
4. सरकारी नियत्रंण से मुक्त होकर निर्भीक पत्रकारिता करने के लिए उसके बीच आने वाली हर समस्याओं को समिति दूर करेगी। जिसमें निम्न बातें शामिल है-
(अ) सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए जारी परिचय पत्र कार्ड का अधिकार एक समान होगा। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।
(ब) सभी संवाददाताओं-प्रिंट मीडिया/इलेक्ट्रॉनिक चैनल के बीच आपसी सामंजस्य सरकार का लगातार बने जिससे उन्हें खबरों के लिए दर-दर भटकना न पड़े। सभी कवरेज करने वाले संवाददाताओं को एक समान मौका मिले। यह नहीं कि जो जिस पर जितना भारी उसे अलग से बुलाकर उसे खबर दे दी जाए। इस प्रथा को रोका जाएगा।
(स) सभी मान्यता प्राप्त पत्रकार जो चाहे युवा हो या फिर स्वतंत्र पत्रकार हो या फिर विशेष पास धारक पत्रकार हो, उन्हें हर ऐसे समारोह में बुलाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा, जहां पर उन्हें सम्मान पूर्वक जाना चाहिये। मुख्यमंत्री की कवरेज से लेकर पंचम तल तक सभी के जारी पास की व्यवस्था एक समान होगी किसी के साथ भेदभाव नहीं रखा जाएगा।
(द) पंचम तल की व्यवस्था सरकार की है, अगर उनके अधिकारी चाहें तो बाहाल रखे लेकिन सभी को एक समान, यह नहीं कि पिक एण्ड चूस वाली व्यवस्था हो कुछ लोग जाएं और बाकी बेकार, यह नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के पास अगर खबर के लिए जाना है तो यह तय सरकार के नुमाइंदे करेंगे। खबरों के लिए मौजूद मुख्यमंत्री परिसर पर प्रमुख सचिव सूचना व निदेशक स्तर का अधिकारी सबके लिए समयबद्व तरीके से उपलब्धता सुनिश्चित कराना समिति का अहम काम रहेगा।
5. कवरेज करने वाला कोई भी संवाददाता/फोटोग्राफर व पत्रकारिता से जुड़ा व्यक्ति अपने कार्य को करते हुए अगर परलोक सिधार जाता है तो उसके परिवार के लिए समिति व उन तमाम पत्रकारों को मिलकर उसके परिवार के लिए वह सभी कार्य मजबूती से करने होंगे, जो हो सकेंगे, यह सुविधा सुनिश्चित करानी होगी।
6. सरकार से अनुदान लेने वाली समतियों पर रोक लगाकर वर्तमान पत्रकारों से जुड़ी समिति को आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा, जिससे समिति पत्रकारों के हितों में जैसे आर्थिक मुद्दे हैं, उस पर तत्काल पीड़ित को आर्थिक मदद सुनिश्चित करा सके।
7. पत्रकारों के परिवार के लिए उसके मुखिया के निधन हो जाने के बाद हर मदद- जैसे- सरकारी नौकरी तथा आर्थिक मदद दी जाती है, उसे प्राथमिकता के आधार पर मजबूती से सुनिश्चित कराया जाएगा।
8. समिति व उन तमाम पत्रकारों को सरकारी मदद जैसे कम्पूटर/लैपटॉप व अन्य साधन सरकार से मुहैया कराने की व्यवस्था की जाएगी, जो पत्रकारिता करने के लिए काफी कमजोर हैं उन्हें मजबूत किया जाएगा।
9. उर्दू अखबारों के लिए हर वह कार्य कराए जाएंगे, जिसके वह पात्र हैं। इस समिति में अलग से दो पद उर्दू अखबारों से जुड़े उन संवाददाताओं को रखने का प्रावधान होगा, जो उसके हकदार होंगे। इसके लिए तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
10. पत्रकार हित में सबसे अहम है पत्रकारों का सम्मान, उसे तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाएगा, जिससे सभी संवाददाता/कैमरामैन व चैनल के लोग जिन्हें अपने कार्य के दौरान सरकारी परेशानी होती है, उसे तत्काल प्रभाव से दूर कराके एक नई व्यवस्था के तहत लाया जाएगा, जिससे उनके कामकाज में कोई परेशानी न हो। सूचना विभाग तंत्र की पिछले दो दशकों से चली आ रही लापरवाही को तत्काल प्रभाव से मुक्त कराया जाएगा। सूचना विभाग के निदेशक व सूचना अधिकारियों को अब पत्रकारों के बीच समय-समय पर अपने तालमेल के द्वारा खबरों के संकलन के स्वरूप को बदलना होगा, जिससे उनके सम्मान को पुनः स्थापित किया जा सके। इस पर तत्काल प्रभाव से समिति के गठन के साथ ही लागू कराया जाएगा।
11. समिति की समीक्षा हर तीन माह में वह पत्रकार करेंगे जिन्होंने अपने मत का प्रयोग किया है। वह किसी भी समय एजीएम की बैठक बुलाने की मांग रख सकते हैं, जिससे कामकाज की समीक्षा की जा सके।
12. समिति हर तीन माह में सभी पत्रकारों के परिजनों को एक सूत्र में बांधने के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अपने खर्चे पर रखेगी, जिससे सभी परिवार तीन माह में एक बार जरूर मिल सकें।
13. उन पत्रकार संगठनों को भी मजबूत करने का काम किया जाएगा जो वाकई में पत्रकारों के लिए कार्य कर रहे हैं।
14. उन पत्रकारों की समीक्षा भी होगी जो अपने खुद के मकान किराए पर उठाकर सरकारी मकान में रह रहे हैं और उन पत्रकारों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं, जिन्हें अब तक मान्यता होने के बाद किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। उन सभी भाइयों के लिए समीक्षा करके मकान की सुविधा बहाल की जाएगी, जिनके पास मकान नहीं उनको मकान दिलाने के लिए समिति कार्य करेगी।
15. आर्थिक स्थिति से कमजोर पत्रकारों के हितों के लिए कई अहम कार्य किए जाएंगे, जिससे उनकी स्थिति हम सभी लोगों के बीच मजबूत हो सके।
यह सभी मुद्दे घोषित कार्य समिति के गठन के तत्काल बाद अगर कोई करता है तो उसे अवश्य चुना जाए ऐसा मेरा मानना है। क्योंकि उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त समिति का काम है कि वह पत्रकारों के हितों के लिए कार्य करे, न कि सरकारी एजेंट बनकर उनके लिए। सबसे बड़ी बात उस व्यवस्था को बाहाल किया जाएगा कि सभी पत्रकार भाई एक समान होंगे, अगर सरकार किसी एक पत्रकार का अपमान करती है तो सभी पत्रकार उस कार्य का बहिष्कार कर अपनी ताकत को मजबूती दिखाएं न कि उनसे डील हो जाए। पत्रकारों की एकजुटता बहाल होनी चाहिये ऐसा मेरा मानना है। मेरा मानना है कि सभी सम्मानित पत्रकारों को उनका सम्मान मिलना चाहिये, वह सम्मान चाहे सरकारी स्तर पर जुड़ा हो या फिर समाजिक स्तर पर, इसको बहाल कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
आपका अपना भाई
प्रभात त्रिपाठी
संभावित अध्यक्ष पद प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति
लखनऊ


