बंगलौर के रहने वाले प्रसिद्ध वायलिन वादक डॉ एल सुब्रमण्यम को २०१२ का ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ अवार्ड मिला, उन्हें यह अवार्ड राजधानी दिल्ली में प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रवि शंकर ने एक समारोह में दिया. डॉ एल सुब्रमण्यम को यह अवार्ड संगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है. इस अवार्ड के लिए उनका चुनाव १०० संगीतज्ञो में से हुआ है. इस अवसर पर डॉ एल सुब्रमण्यम ने कहा कि, “आज मैं जो कुछ भी हूँ अपने पिता व गुरु की वजह से हूँ. मेरे इस मुकाम पर पहुँचने के पीछे मेरे पिता का ही हाथ है. जब भी मुझे कोई अवार्ड मिलता है मुझे ऐसा लगता है कि मेरे पिता को ही मिला है आज मैं बहुत ही खुश हूँ इस अवार्ड को पाकर.”
डॉ एल सुब्रमण्यम के साथ साथ जिन अन्य हस्तियों को यह अवार्ड मिला है उनमें प्रमुख हैं आशा भोसले, ईशुदास, शुभा मुदगल, तीजन बाई, गुलज़ार, ईल्याराजा, पंडित जसराज, हरिप्रसाद चौरसिया और जाकिर हुसैन. अवार्ड देते समय पंडित रवि शंकर ने कहा कि, “९२ साल में आज पहली ही बार ऐसा हुआ है कि मैं किसी को अवार्ड दे रहा हूँ.” बहुत कम लोग जानते होंगे कि डॉ एल सुब्रमण्यम पंडित रविशंकर के बहनोई हैं. डॉ एल सुब्रमण्यम की इस खुशी में उनका साथ देने आयीं थी उनकी पत्नी लोकप्रिय गायिका कविता कृष्णमूर्ति. इस समारोह में गायक हरिहरन व हर्षदीप ने परफोर्म भी किया. इस समारोह में दुर्गा जसराज, अनुष्का शंकर आदि अनेकों अतिथि उपस्थित थे.


