
पवन
‘इकॉनोमिक, कल्चरल एंड पॉलिटिकल वाइबिलिटी ऑफ एसोसिएशन ऑफ साउथ एशियन नेशन्स इन ग्लोबल एनवायरमेंट : इशयूज एंड चैलेंजस’ विषय पर हुए सेमिनार में इंडोनेशिया के राजदूत और ब्रुनेई दार-उल-सलाम के उच्चायुक्त सहित देश-विदेश के कई राजनयिकों, उद्योगपतियों, समाजशास्त्रियों, अर्थशास्त्रियों, शिक्षाविदों तथा अन्य क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। दो दिन तक चले सेमिनार में कई महत्वपूर्ण शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इन्हीं के बीच वरिष्ठ पत्रकार पवन शर्मा और जेवी जैन कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डा. संदीप गुप्ता ने अपना संयुक्त शोध पत्र पढ़ा।
भारत और आसियान समूह में शामिल देशों के मध्य लगातार मजबूत होते रिश्तों पर केंद्रित अपने समसामयिक शोधपत्र में श्री शर्मा और डा. गुप्ता ने विश्व समुदाय का ध्यान कई महत्वपूर्ण विषयों की तरफ इंगित किया। बदलते परिदृश्य में भारत की भूमिका को बारीकी से रेखांकित करने के साथ उन्होंने जोर देकर कहा कि यह देश सांस्कृतिक महाशक्ति के रूप में तो पहले ही अलग पहचान हासिल कर चुका है। वहीं अब ऐसे प्रयासों में तेजी लानी चाहिए, जिनकी बदौलत भारत और आसियान समूह में शामिल सभी देश बाकी दुनिया के सामने अपनी हैसियत दर्शा सकें। उन्होंने इस संदर्भ में ‘इंडिया-आसियान : विजन-2020’ का भी विस्तारपूर्वक वर्णन किया।
आयोजन समिति की ओर से कॉलेज के प्राचार्य डा. आरआर आजाद ने श्री शर्मा और डा. गुप्ता के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके शोध पत्र को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पटल तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने दोनों शोधकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। सेमिनार में सोनालिका ग्रुप के चेयरमैन एलडी मित्तल सहित यूजीसी, सिसमे और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने भाग लिया। करीब 15 वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र में अनवरत सक्रिय पवन शर्मा वर्तमान में दैनिक जनवाणी के सहारनपुर कार्यालय में वरिष्ठ उप संपादक पद पर सेवारत हैं। इससे पूर्व वे दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला और आई नेक्स्ट में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। रंगकर्म और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी उनके नाम अनेक उपलब्धियां दर्ज रही हैं। इंटरनेशनल सेमिनार में उन्हें सम्मानित किए जाने पर दैनिक जनवाणी के ब्यूरो चीफ डा. वीरेंद्र आजम, मार्केटिंग प्रमुख कोमल टंडन सहित पत्रकारिता, शिक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने हार्दिक बधाई दी है।

