Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

साहित्य जगत

बचाने की सुपारी लेने वालों से हिन्‍दी को खतरा!

अभिज्ञात: हिन्दी को सबसे ज्‍यादा नुकसान शुद्धतावादियों से – डॉ. अभिज्ञात : कोलकाता: केन्द्रीय संदर्भ पुस्तकालय की ओर से हिन्दी पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाक प्रतियोगिता, कविता पाठ, निबंध लेखन, पत्र-लेखन, हिन्दी शब्दावली आदि प्रतियोगिताएं हुईं और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार समारोह के अध्यक्ष केन्द्रीय संदर्भ पुस्तकालय के पुस्तकाध्यक्ष डॉ. केके कोच्चुकोशी, मुख्य अतिथि साहित्यकार एवं सन्मार्ग के वरिष्ठ उप-सम्पादक डॉ. अभिज्ञात एवं विशेष अतिथि राष्ट्रीय पुस्तकालय के निदेशक स्वपन चक्रवर्ती थे। इस अवसर पर वक्ताओं ने हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए और प्रयास किये जाने पर जोर दिया और कहा कि इस दिशा में सरकारी प्रयास ही काफी नहीं हैं। इस दिशा में निजी कोशिशों के परिणाम सराहनीय हैं। कार्यक्रम का संचालन अंजना श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक अर्पिता राय, शीतल राम एवं सैय्यद मोहसिन इमाम थे।

अभिज्ञात

अभिज्ञात: हिन्दी को सबसे ज्‍यादा नुकसान शुद्धतावादियों से – डॉ. अभिज्ञात : कोलकाता: केन्द्रीय संदर्भ पुस्तकालय की ओर से हिन्दी पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाक प्रतियोगिता, कविता पाठ, निबंध लेखन, पत्र-लेखन, हिन्दी शब्दावली आदि प्रतियोगिताएं हुईं और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार समारोह के अध्यक्ष केन्द्रीय संदर्भ पुस्तकालय के पुस्तकाध्यक्ष डॉ. केके कोच्चुकोशी, मुख्य अतिथि साहित्यकार एवं सन्मार्ग के वरिष्ठ उप-सम्पादक डॉ. अभिज्ञात एवं विशेष अतिथि राष्ट्रीय पुस्तकालय के निदेशक स्वपन चक्रवर्ती थे। इस अवसर पर वक्ताओं ने हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए और प्रयास किये जाने पर जोर दिया और कहा कि इस दिशा में सरकारी प्रयास ही काफी नहीं हैं। इस दिशा में निजी कोशिशों के परिणाम सराहनीय हैं। कार्यक्रम का संचालन अंजना श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक अर्पिता राय, शीतल राम एवं सैय्यद मोहसिन इमाम थे।

इस मौके पर मुख्‍य अतिथि डॉ. अभिज्ञात ने कहा कि हिन्दी के बारे में यह मातम मनाने की आवश्यकता बिल्कुल नहीं है कि उसकी गरिमा को उन शब्दों से ठेस पहुंच रही है, जो मूलत: हिन्दी के हैं ही नहीं। वे अंग्रेज़ी, मराठी, बंगला, पंजाबी या दूसरी भारतीय या विदेशी भाषाओं से आयातित हैं। दूसरी भाषाओं के मेल-जोल से जो भाषा बन रही है, वह भ्रष्ट है और उससे हिन्दी के मूल स्वरूप को क्षति पहुंचेगी। इधर जोर शोर से कहा जा रहा है कि अब जो भाषा प्रयोग में आ रही है वह हिंग्लिश है, हिन्दी या इंग्लिश नहीं। इस स्थिति से दुखी होने की बजाय हमें यह समझना चाहिए कि जिस किसी भाषा में बदलाव दिखायी दे वही जीवन्त भाषा है। भाषा में परिवर्तन का विरोध उसकी जीवंतता का विरोध है। जो भाषा जितनी परिवर्तनशील है, समझें कि वह उतनी ही जीवन्त है। यह प्रवाह ही है जो वास्तविक ऊर्जा का स्रोत होता है।

उन्‍होंने कहा कि हिन्दी को अगर ख़तरा है तो हिन्दी को बचाने की सुपारी लेने वालों से। वे जो उसके व्याकरण को लेकर चिन्तित हैं, वे उसे जड़ बनाने पर तुले हुए हैं। हिन्दी की पूजा करने वाले, हिन्दी को भजने वाले चाहते हैं कि हिन्दी पर चढ़ावा चढ़ता रहे और वे उसकी आरती के थाल के चढ़ावे पर खाते-कमाते रहें। भाषा में कोई नया प्रयोग हुआ नहीं कि हाय-तौबा मचाते हैं। दीवार पर लगे पोस्टरों, नेमप्लेट, विजिटिंग कार्ड, अखबार की खबरों, विज्ञापनों हर कहीं हिन्दी को शुद्ध रूप में देखना चाहते हैं और रोते-बिसुरते रहते है कि हिन्दी तो गयी। जबकि अशुद्ध बोलना, लिखना और उसका व्यापक इस्तेमाल यह बताता है कि हिन्दी का प्रयोग वे लोग कर रहे हैं, जिनका हिन्दी पर न तो व्यापक अधिकार है, न अध्ययन न है, नही वह उनकी भाषा है। इस तरह के प्रयोग आम लोगों के प्रयोग है और उन्हें यह करने देना चाहिए।

डा. अभिज्ञात ने कहा कि हिन्दी का हौव्वा खड़ा करके हिन्दी को लोकप्रिय नहीं बनाया जा सकता। हिन्दी को हिन्दी अधिकारियों और हिन्दी के शिक्षकों ने जितना लोकप्रिय नहीं किया है, उससे अधिक लोकप्रिय फिल्मों और उसके गीतों ने किया है। आम प्रचलन ही हिन्दी को विकसित करेगा। लोगों को हिन्दी गलत बोलने दें, गलत लिखने दें। आते-आते भाषा उन्हें आ ही जायेगी और शुद्ध नहीं भी आयी तो कोई बात नहीं। भाषा का विस्तार तो हुआ। यह बहुत है। हिन्दी को उन्होंने भी बढ़ावा दिया है, जो व्यापार करते हैं। उन्हें हिन्दीभाषी प्रदेशों में अपना माल बेचना है तो उत्पाद की प्रशंसा, उत्पाद की जानकारी हिन्दी में देनी है। वे हिन्दी अख़बारों में विज्ञापन देते हैं जिससे हिन्दी के अखबार फल-फूल रहे हैं। हिन्दी के टीवी कार्यक्रमों में विज्ञापन देते हैं तो मनोरंजन उद्योग बढ़ रहा है। ये अखबार, ये टीवी चैनल केवल विज्ञापन परोस कर जिन्दा नहीं रह सकते। उन्हें जनता के दुखदर्द से जुडऩा पड़ता है। इसके बिना जनता उन्हें नहीं अपनायेगी फिर विज्ञापन भी उन तक नहीं पहुंचेगे। इसलिए अखबारों व टीवी की यह मज़बूरी है कि वे यदि विज्ञापन को जनता तक पहुंचाना चाहते हैं तो जनता की आवाज़ बनें, उनकी पसंद का खयाल रखें, उन्हें वह दें जो वह चाहती है। उन्हें यदि मुनाफा कमाना है तो जनदर्दी बनना ही होगा। मतलब यह कि उपयोगिता किसी भाषा के विकास की दर को तीव्र करती है और प्रगति के लिए रसद पहुंचाती है। हिन्दी का उपयोग आप बढ़ा दें तो उसका महत्व अपने आप बढ़ जायेगा। हिन्दी में रोजग़ार बढ़ेगा, व्यापार बढ़ेगा तो रुतबा अपने आप बढ़ेगा। आप बस हिन्दी पर भरोसा की कीजिए, हिन्दी का सम्मान कीजिए वह आपको सम्मान दिलायेगी।

डा. अभिज्ञात ने कहा कि अंग्रेजी के जो शब्द आम जनता के प्रचलन में आ गये हैं उनके लिए हिन्दी के नये शब्दों को गढऩे का काम बंद होना चाहिए। बल्कि उन्हें हिन्दी में प्रयोग के लिए बढ़ावा देना चाहिए। लोगों की हिचक दूर करना चाहिए कि वे अंग्रेजी के शब्द का हिन्दी में प्रयोग धड़ल्ले से करें। इतना करें कि वह ऐसा रच-बस जाये कि वह हिन्दी का ही लगने लगे। हिन्दी का विकास चाहते हैं तो नये शब्द गढऩे बंद कीजिए और दूसरी भाषा के शब्दों को हिन्दी के स्वभाव के अनुरूप अपना लीजिए। समस्या खत्म हो जायेगी। हिन्दी को मेल मिलाप की भाषा बनने से एकदम गुरेज नहीं है। हिन्दी को खतरा उन लोगों से भी है जो चाहते हैं कि हिन्दी की बोलियों का विकास रुक जाये। वे यदि भाषा का दर्जा पाने की कोशिश करती हैं तो उन्हें लगने लगता है कि हिन्दी का क्या होगा? हिन्दी कैसे रहेगी। यदि उसकी बोलियां स्वतंत्र भाषा हो गयीं तो फिर हिन्दी का क्या रह जायेगा। उन्हें लगता है कि भोजपुरी, राजस्थानी, अवधी, ब्रजभाषा, मगही यदि भाषा बन गयी तो हिन्दी कमज़ोर हो जायेगी। वे यह भी मानते हैं कि मैथिली जैसी भाषा की स्वतंत्र पहचान मिलने से हिन्दी कमज़ोर हुई है।

उन्‍होंने कहा कि उनका मानना है कि हिन्दी का वर्चस्व इसलिए है कि हिन्दी इसलिए प्रमुख भाषा बनी हुई है क्योंकि कई बोलियों को स्वतंत्र भाषा का दर्जा नहीं मिला है। यदि उन्हें भी भाषा का दर्जा मिल गया तो कोई हिन्दी का नामलेवा नहीं रह जायेगा। इसी आधार पर कुछ मासूम लोग यह दावा तक कर बैठते हैं कि हिन्दी अगले बीस सालों में मर जायेगी क्योंकि हिन्दी की तमाम बोलियां भाषा बन जायेंगी। मैं उन लोगों से विनम्रता पूर्वक कहना चाहता हूं कि हिन्दी की बोलियां भी यदि भाषा बन गयीं तो हिन्दी और मज़बूत होकर उभरेगी। उसका कारण यह है कि हिन्दी की बोली समझी जाने वाली भाषाओं के समर्थन के कारण दक्षिण भारत की भाषाएं या बोलियां हिन्दी को अपने से दूर समझती थीं। हिन्दी की बोलियों को स्वतंत्र भाषा बन जाने के बाद दक्षिण की भाषाओं से हिन्दी का विभेदपूर्ण रवैया खत्म हो जायेगा और वे भी हिन्दी को तटस्थ तौर पर स्वीकार करने लगेंगी। आखिर हमें एकसूत्रता में बांधने के लिए कोई भाषा तो चाहिए ही।

डा. अभिज्ञात ने कहा कि चूंकि भारतीय भाषाओं में हिन्दी को जानने समझने वाले सबसे ज्यादा है स्वाभाविक तौर पर वही सबकी पहली पसंद और प्राथमिकता है। कहना न होगा कि हिन्दी ही भारत में वह भाषा है, जिसमें सबसे अधिक प्रांतों की स्मृतियां जुड़ी हैं और सबसे अधिक भारतीय भाषाओं के शब्द उसमें शामिल हैं। हिन्दी हमारी सर्वाधिक साझी स्मृति की भाषा है इसलिए साझी विरासत भी। उन्होंने कहा कि बोलियों के विकास से हिन्दी का महत्व और समझ में आयेगा। यह नहीं भूलना होगा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर से लेकर महात्मा गांधी तक जिन लोगों ने हिन्दी को भारत की भाषा बनाने की हिमायत की थी वे हिन्दी भाषी  क्षेत्रों के नहीं थे। उनका मानना तो बस इतना था कि जिसमें देश के बहुसंख्य लोगों की बात हो उसे ही इस देश की राष्ट्रभाषा की गरिमा प्रदान की जाये। उसी में एकसूत्रता की शक्ति पायी थी।

कोलकाता से डा. अभिज्ञात की रिपोर्ट.

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

मेरी भी सुनो

अपनी बातें दूसरों तक पहुंचाने के लिए पहले रेडियो, अखबार और टीवी एक बड़ा माध्यम था। फिर इंटरनेट आया और धीरे-धीरे उसने जबर्दस्त लोकप्रियता...

राजनीति-सरकार

मोहनदास करमचंद गांधी यह नाम है उन हजार करोड़ भारतीयों में से एक जो अपने जीवन-यापन के लिए दूसरे लोगों की तरह शिक्षा प्राप्त...

साहित्य जगत

पूरी सभा स्‍तब्‍ध। मामला ही ऐसा था। शास्‍त्रार्थ के इतिहास में कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि किसी प्रश्‍नकर्ता के साथ ऐसा अपमानजनक व्‍यवहार...

मेरी भी सुनो

सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव ने घटिया खाने और असुविधाओं का मुद्दा तो उठाया ही, मीडिया की अकर्मण्यता पर भी निशाना...