Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

तेरा-मेरा कोना

‘एक सुसंगठित राज्य लुटेरों से कहीं ज्यादा खतरनाक’

संगम पांडेयतोलस्तोय, भारत और गांधी : यह लियो तोलस्तोय का मृत्यु शताब्दी वर्ष है। इस 20 नवंबर को उनकी मृत्यु को पूरे सौ साल हो जाएंगे। तोलस्तोय को हमारे देश में अक्सर गांधी के प्रसंग से याद किया जाता है। गांधी अपने आरंभिक दौर में उनसे गहरे प्रभावित रहे और दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने एक तोलस्तोय आश्रम भी बनाया। ईश्वर, अहिंसा, निजी संपत्ति और शाकाहार पर गांधी के विचार लगभग वही थे जो तोलस्तोय के थे। इस अर्थ में गांधीवाद काफी हद तक तोलस्तोय के विचारों का ही राजनीतिक सूत्रीकरण मालूम देता है। तोलस्तोय हिंसा को सबसे बड़ी बुराई और ईश्वर को मनुष्य का ध्येय मानते थे।

संगम पांडेयतोलस्तोय, भारत और गांधी : यह लियो तोलस्तोय का मृत्यु शताब्दी वर्ष है। इस 20 नवंबर को उनकी मृत्यु को पूरे सौ साल हो जाएंगे। तोलस्तोय को हमारे देश में अक्सर गांधी के प्रसंग से याद किया जाता है। गांधी अपने आरंभिक दौर में उनसे गहरे प्रभावित रहे और दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने एक तोलस्तोय आश्रम भी बनाया। ईश्वर, अहिंसा, निजी संपत्ति और शाकाहार पर गांधी के विचार लगभग वही थे जो तोलस्तोय के थे। इस अर्थ में गांधीवाद काफी हद तक तोलस्तोय के विचारों का ही राजनीतिक सूत्रीकरण मालूम देता है। तोलस्तोय हिंसा को सबसे बड़ी बुराई और ईश्वर को मनुष्य का ध्येय मानते थे।

इस क्रम में जिस तरह वे राज्यसत्ता की हिंसा और अंततः राज्य के ही मुखर विरोधी थे, उसके कारण उनके विचारों को अराजकतावादी भी माना गया। तोलस्तोय का मानना था कि राज्य को बुरे लोग क्रूर ताकतों के समर्थन से चलाते हैं, और एक सुसंगठित राज्य लुटेरों से कहीं ज्यादा खतरनाक होता है। अपने परवर्ती जीवन में वे विज्ञान और राज्य के पश्चिमी मॉडल के इस कदर खिलाफ थे कि भारत जैसे देश की ओर उम्मीद से देखते थे। हालांकि उनकी यह उम्मीद भारत की परिस्थितियों के बारे में उनकी कम जानकारी और संभवतः बुद्ध की जन्मभूमि के रूप में कुछ ज्यादा ही ऊंची धारणा पर आधारित थी। उन्होंने बुद्ध के विचारों का बहुत गहराई से अध्ययन किया था और भारत को वे एक परंपरानिष्ठ और ऐसे देश के रूप में देखते थे, जहां से उन्हें मनुष्य के आध्यात्मिक विकास का कोई सूत्र मिल सकता था।

भारत के बारे में तोलस्तोय की सारी समझ या तो किताबों से बनी थी या भारत में रह चुके कुछ लोगों से सुनी बातों के आधार पर। जाहिर है कि भारतीय जीवन के असंख्य विरोधाभास उनकी निगाह में नहीं आ पाए थे। लेकिन भारतीय दर्शन और विचार पद्धति के विरोधाभास उनकी पैनी निगाह- गोर्की के मुताबिक जिससे कुछ भी छिपा नहीं रह सकता था- ने जरूर देखे थे। उन्हें शंकराचार्य की जीवन के बारे में मूलभूत आध्यात्मिक कल्पना ठीक लगती थी, पर कुल मिलाकर उन्हें उनमें बहुत सारे अंतर्विरोध दिखाई देते थे। तोलस्तोय को वेदों के ज्ञान की जानकारी थी और रामकृष्ण परमहंस और विवेकानंद का लेखन भी उन्होंने पढ़ा था। वे ज्ञान की इस परंपरा के प्रशंसक थे, और उन्हें इसमें बहुत कुछ अपने काम की बातें दिखाई देती थीं। लेकिन ऐसा लगता है कि तोलस्तोय के आत्मिक ज्ञान और भारत के आध्यात्मिक ज्ञान के बीच कोई ऐसा बहुत बड़ा फर्क था, जो उन्हें असंतुष्ट करता था। उनका यह असंतोष शायद भारतीय ज्ञान परंपरा की अति व्यक्तिनिष्ठता से था। उन्हें परमात्मा में लीन हो जाने वाले एकांतिक अध्यात्म की नहीं, बल्कि समाज में सहज रूप से सम्मिलित और क्रियाशील व्यक्ति के आत्मबोध से उपजे अध्यात्म की तलाश थी। उन्हें लगता था कि भारतीयों ने सदियों में विज्ञान से दूर प्राकृतिक जीवन जीते हुए इसे हासिल कर लिया है। उन्हें भारत एक ऐसी जगह लगती थी जहां भले ही गरीबी थी, लेकिन जहां के लोगों में कृत्रिमता और बनावट नहीं थी, और विज्ञान से दूर वे उन्हें प्रकृति और ईश्वर के ज्यादा निकट लगते थे। तोलस्तोय को यह भी लगता था कि अंग्रेज अपने लालच के लिए भारतीय जीवन प्रणाली को चौपट कर रहे हैं, और गुलाम होने के बावजूद भारतीय इस मायने में अंग्रेजों से श्रेष्ठ हैं कि ‘वे अंग्रेजों के बिना जी सकते हैं, लेकिन अंग्रेज उनके बिना नहीं।’ ऐसे में तोलस्तोय को भारतीय विद्वानों के बताए अध्यात्म के फार्मूले विचित्र लगते थे। उन्हें उच्च समाधि अवस्था तक पहुंचने के लिए बताई गई भारतीय पद्धति में- पीठ सीधी रखते हुए बैठना, दोनों आंखें नासिकाग्र पर एकाग्र करना और ओम् शब्द जपना मूर्खतापूर्ण लगता था।  अपने एक परिचित के साथ भारत संबंधी चर्चा में उन्होंने कहा था- ‘भगवान करे वहां विज्ञान का विकास न हो।’

तोलस्तोय का अहिंसा का विचार सर्वसमन्यवयवादी भारतीय मानस से मेल खाता था। यही वजह रही कि गांधी उसे एक राजनीतिक थ्योरी में बदलने में कामयाब रहे। अहिंसा को एक पूर्ण राजनीतिक विचार के रूप में लागू करने पर गांधी को अपने देशवासियों के बीच ही भारी आलोचनाएं भी सहनी पड़ीं। गांधी और तोलस्तोय में यह मूल अंतर है कि गांधी जहां अपने विचारों को लेकर आश्वस्त नजर आते हैं, वहीं तोलस्तोय में खुद अपनी ही धारणाओं को लेकर सर्वत्र एक बेचैनी दिखाई देती है। वे अपने हर विचार को कई कोणों से परखते हैं, और एक निष्कर्ष पर पहुंचने के बाद भी मानो संदेह से भरे रहते हैं। जीवन के प्रश्नों पर आत्मा, बुद्धि, हृदय के इतने बहुविध तर्कों से इतना स्पष्ट ढंग से संसार में शायद ही किसी और  ने सोचा हो। एक स्थान पर वे विचार को ही बुराई बताने वाली सूक्ति का इस वजह से समर्थन करते दिखाई देते हैं, कि विचार आस्था को नष्ट करता है। माना जाता है कि तोलस्तोय जीवन भर चीजों के औचित्य की खोज में जीवन के अपने ही अंतर्भूत अतर्कवाद से जूझते रहे।

तोलस्तोय के विचारों का सिद्धांतीकरण गांधीवाद में देखने पर सवाल खड़ा होता है कि ऐसा कैसे संभव हुआ? तोलस्तोय अपने जिन विचारों के लिए अराजकतावादी करार दिए गए, वही विचार गांधीवाद में आखिर कैसे स्वीकार्य हुए? इसकी दो वजहें हैं। पहली, गांधी अहिंसा पर आधारित अपनी थ्योरी का एक कहीं व्यावहारिक संस्करण तैयार करते हैं, जिसमें वे अराजकतावाद की एक मूलभूत स्थापना- राज्य के निषेध- पर एक ढीलाढाला परहेज बरतते हुए राज्य से न्याय और सत्य के पक्ष में खड़े होने की उम्मीद करते हैं।  इसके अलावा दूसरी वजह को समझने के लिए यहां जापानी विद्वान दाइसाकु इकेदा के उस विचार को उद्धृत करना उपयोगी होगा जिसमें वे भारत को एक अतर्कवादी समाज बताते हैं। अतर्कवाद की यह विशेषता होती है कि वहां प्रक्रिया और परिणाम में किसी समुचित सामंजस्य की जरूरत नहीं समझी जाती। गांधीवाद इस विशेषता को शुरू से अपने में समाहित किए रहा और सफल माना गया। भारत जैसी मुफीद जगह में गांधीवाद की सफलता दरअसल एक अतर्कवादी सफलता ही है, जहां प्रक्रिया और परिणाम में कोई भेद नहीं माना जाता, और हर अच्छा-बुरा एक निरंतरता में जीवन का हिस्सा भर होता है। नतीजा यह है कि दुनिया जितने ताज्जुब से गांधीवाद के प्रयोगों को देखती थी, उतने ही ताज्जुब से आज गरीबी रेखा कही जाने वाली मृत्यु रेखा के नीचे रह रहे देश की 37 फीसदी आबादी को देखती है। गोरों के रंगभेद के अलावा तमाम तरह के रंगभेद तरह तरह की नई नई शक्लों में भेस बदलते हुए यहां कायम ही हैं और हिंसा के तो कहने ही क्या!

दिलचस्प यह है कि तोलस्तोय की निगाह इस अतर्कवाद पर भी गई है। ‘आन्ना कारेनिना’ के एक पात्र स्वियाज्स्की के बारे में ये पंक्तियां पढ़ने लायक हैं- ‘उसके लिए इस बात का कोई महत्त्व नहीं था कि उसका तर्क-वितर्क उसे किस नतीजे पर पहुंचाता है। उसे तो केवल तर्क-वितर्क की प्रक्रिया से ही मतलब था। उसका तर्क-वितर्क जब उसे अंध गली में ले जाता था, तो उसे अच्छा नहीं लगता था। उसे यह पसंद नहीं था और वह इससे बचता था तथा बातचीत को किसी सुखद और मधुर दिशा में मोड़ ले जाता था।’

तोलस्तोय कम्युनिस्टों के खिलाफ उनके हिंसात्मक दर्शन की वजह से थे। उन्हें साम्यवाद का सदियों से चली आई व्यवस्था को आमूलचूल उलट देने का विचार भी अटपटा लगता था। लेकिन निजी संपत्ति के उन्मूलन के साम्यवादी विचार से वे खुद जीवन भर जूझते रहे। इस सवाल तक वे अपने मौलिक रास्ते से पहुंचे थे, न कि साम्यवाद के रास्ते। परवर्ती जीवन में अपनी निजी जायदाद को किसानों के नाम कर देने का उनका विचार उनके घर में निरंतर कलह का कारण बना रहा। उनके उपन्यासों ‘आन्ना कारेनिना’ का लेविन और ‘पुनरुत्थान’ का नेख्लूदोव भी निरंतर इस प्रश्न से जूझते दिखाई देते हैं। वे स्पेंसर और अमेरिकी विचारक हैनरी जॉर्ज के सिद्धांतों से प्रभावित हैं, जो कहता है- भूमि पर किसी का स्वामित्व नहीं हो सकता। जिस भांति जल, वायु तथा धूप का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकता, उसी भांति जमीन को भी खरीदा और बेचा नहीं जा सकता।’

तोलस्तोय का मानना था कि राज्य समाज के संपन्न वर्ग के फायदे के लिए काम करता है, और सरकार का तो मतलब ही है सुसंगठित हिंसा। विडंबना यह है कि तोलस्तोय की मृत्यु के सौ साल बाद भी राज्य का कोई ऐसा मॉडल संसार में दिखाई नहीं दे रहा है, जिसपर आम लोगों की आजादी और व्यापक हितों के लिए यकीन किया जा सके। भारत जैसे देश में संसदीय लोकतंत्र से फायदा उठाने वाले लोग इसकी लोकप्रियता का तूमार खड़ा किया करते हैं, जबकि देश की तीन चौथाई आबादी को जीवन का न्यूनतम मुहैया कराने में भी यह तोलस्तोयकालीन रूसी राज्य से कहीं ज्यादा विफल है। यह अलग बात है कि तोलस्तोय जिसकी वकालत किया करते थे उस सरकार विहीन राज्य के अराजकतावाद के मॉडल की भी कोई स्पष्टता नहीं है, लेकिन ज्यादा बड़ी दिक्कत यह है कि आज हमारी दुनिया में कोई तोलस्तोय भी नहीं है जो राज्य की ज्यादतियों और विकास की विसंगतियों पर उसी शिद्दत से उंगली उठाए। जो कहे कि हमारे देश को राष्ट्रमंडल खेलों के दिखावे और मेट्रो ट्रेन जैसे महंगे और एकांगी विकास की नहीं, बल्कि एक समेकित और विकेंद्रीकृत विकास की जरूरत है, जिसका फायदा देश की बहुसंख्य आबादी को मिल सके। तोलस्तोय ने ऐसा ही विरोध जताया था, जब रूस के तूला प्रदेश में ट्रेन लाइन बिछाई जा रही थी। उनका मानना था कि रूस में रेल लाइन अर्थव्यवस्था के यूरोपीय पैटर्न को लागू करने के लिए बिछाई जा रही है। उन्होंने लिखा- ‘रेलें प्रलोभन बढ़ाती हैं, जंगलों को नष्ट करती हैं, कामगार छीन लेती हैं, अनाज के भाव बढ़ा देती हैं और घोड़े पालने के धंधे को तबाह कर देती हैं।’

वर्जीनिया वुल्फ ने तोलस्तोय को दुनिया का महानतम लेखक माना, तो इसकी वजह फ्लाबेयर की उस राय में ढूंढ़ी जा सकती है, जिसमें वे उन्हें एक अद्भुत कलाकार और मनोविश्लेषक बताते हैं। तोलस्तोय के नैरेटिव और सच को देखने की उनकी निगाह का कोई सानी नहीं है। वे साहित्य में रूमानवाद को ‘सच्चाई से आंखें न मिला पाने का साहस’ मानते थे और अपने जीवन को भी उन्होंने उसी बेबाकी से परखा और कबूल किया था। 34 साल की उम्र में अपने विवाह से पहले उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी को वह डायरी दी थी जिसमें उनके 20 सालों तक बिताए ‘पापपूर्ण जीवन’ के ब्योरे दर्ज थे। यह पाप था उनकी जमींदारी में काम करने वाली किसान और मजदूर स्त्रियों से रहे उनके दैहिक संबंध। ऐसे एक संबंध से हुई एक संतान का भी इस डायरी में उल्लेख था। उनकी पत्नी इन ब्योरों को पढ़कर गहरे तक विचलित हुई थीं, पर फिर भी वे विवाह के लिए राजी हुईं। उस दौर के रूस के द्विवर्गीय जीवन में इस तरह के संबंध बहुत आम बात थे। यहां तक कि तोलस्तोय ने अपने पिता के इसी तरह के एक संबंध के नतीजे में हुए अपने एक ‘भाई’ का भी जिक्र किया है, जो दीन-हीन अवस्था में उनके पास कभी-कभार चंद रुपए मांगने आता था, और जिसे देखकर वे किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाया करते थे।

तोलस्तोय के पापबोध और पुनरुत्थान में ईसाइयत की गहरी झलक है। क्या गांधी का ‘वैष्णव जन’ भी उसीसे मिलती जुलती आस्था का ही एक भारतीय परावर्तन नहीं है?

लेखक संगम पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे जनसत्ता समेत कई पत्र-पत्रिकाओं में रंगकर्म पर लिखते रहे हैं. लंबे समय तक स्टार न्यूज में रहे. उनसे संपर्क [email protected] के जरिए किया जा सकता है.

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

मेरी भी सुनो

अपनी बातें दूसरों तक पहुंचाने के लिए पहले रेडियो, अखबार और टीवी एक बड़ा माध्यम था। फिर इंटरनेट आया और धीरे-धीरे उसने जबर्दस्त लोकप्रियता...

राजनीति-सरकार

मोहनदास करमचंद गांधी यह नाम है उन हजार करोड़ भारतीयों में से एक जो अपने जीवन-यापन के लिए दूसरे लोगों की तरह शिक्षा प्राप्त...

साहित्य जगत

पूरी सभा स्‍तब्‍ध। मामला ही ऐसा था। शास्‍त्रार्थ के इतिहास में कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि किसी प्रश्‍नकर्ता के साथ ऐसा अपमानजनक व्‍यवहार...

मेरी भी सुनो

सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव ने घटिया खाने और असुविधाओं का मुद्दा तो उठाया ही, मीडिया की अकर्मण्यता पर भी निशाना...