निज़ामाबाद : आन्ध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं तेलगु देशम पार्टी के मुखिया एन चन्द्रबाबू नायडू की अचानक हालत बिगड़ जाने के कारण देर रात टास्क फ़ोर्स ने उन्हें अपने कस्टडी में लेकर हैदराबाद स्थित निम्स (निजाम इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस) में भर्ती करवाया. जहां पर उनकी हालत स्थिर बनी हुई थी. गौरतलब है कि बाबू प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं के कारण अपनी फसल खो देने वाले किसानों को सरकार से उनका मुआवजा बढ़ाने और देने की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से एमएलए क्वार्टर के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे. इस दौरान जब डाक्टरों ने उनके स्वास्थ का नियमित परीक्षण किया तो पाया कि बाबू के ब्लड प्रेशर में गिरावट होने के साथ-साथ ब्लड सुगर की मात्रा में काफी कमी है. जिसकी सूचना तुरंत सरकार को दी गई. जिसके बाद देर रात बाबू को अनशन छोड़ने का अनुरोध किया गया, लेकिन बाबू जब नहीं माने तो टास्क फ़ोर्स ने उन्हें गिरफ्तार कर निम्स में भर्ती करवा दिया. जहां पर उनकी हालत ठीक बताई गई.
पिछले तीन दिनों के दौरान बाबू के समर्थन में देश की कई राजनीतिक पार्टियाँ आ खड़ी हुईं थी, जिनमें भाकपा, माकपा, जद (यु) एवं जद (सेक्युलर) के साथ-साथ रविवार को ही अन्नाद्रमुक एवं एमडएमके ने भी बाबू के साथ अपनी एकजुटता दिखलाई. इस बीच रविवार को ही
एमडएमके नेता वाइको, अन्नाद्रमुक के सांसद सम्माली तथा माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य सीताराम येचुरी भी बाबू का हलचल जानने अनशन स्थल पर पहुंचे और बाबू से मिले. उधर अन्नाद्रमुक के सांसद सम्माली ने पार्टी सुप्रीमो जयललिता द्वारा भेजा गया एक सन्देश भी पढकर सुनाया. जिसमें जयललिता ने बाबू को समर्थन देते हुए कहा कि वह उनके मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठायेंगी.
वाइको ने केंद्र व राज्य सरकार से मांग की कि वह अपनी फसल खो चुके किसानों को तत्काल मुआवजे की राशि का भुगतान करे. जबकि येचुरी ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि सरकार पीड़ित किसानों को मुआवजा देने के प्रति इतनी उदासीन क्यों है. इस बीच इस बात की भी खबर थी कि टालीवुड अभिनेता जूनियर एनटीआर भी सोमवार से बाबू के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठने वाले हैं. खबर लिखे जाने तक बाबु के निम्स में भर्ती होने की खबर मिलते ही तेलंगाना के सभी जिलों से तेदपाईयों का हुजूम हजारों की संख्या में हैदराबाद के लिए रवाना हो चुका था.
लेखक प्रदीप श्रीवास्तव निजामाबाद से प्रकाशित हिन्दी दैनिक स्वतंत्र वार्ता के स्थानीय संपादक हैं.

