गुवाहाटी : भूमाफियाओं की नजर वरिष्ठ पत्रकार डीएन सिंह के घर पर लगी है। पत्रकार श्री सिंह ने घर को बचाने के लिए गुवाहाटी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद प्रकाश तिवारी से गुहार लगाई है। उन्होंने पिछले दिनों पलटन बाजार पुलिस थाने में अपने मित्र प्रदीप कुमार डे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की निष्क्रियता को देखते हुए श्री सिंह ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार श्री सिंह के पुराने मित्र प्रदीप कुमार डे जाली कागजात बना कर घर को कब्जाने का लंबे समय से षडयंत्र कर रहा था। पिछले दिनों अपना घर बेचने के बाद डे ने घर का मरम्मत होने का बहाना बना कर एक कमरा भाड़ा पर ले लिया और बाद में घर से निकलने के नाम पर बहुत सारा बहाना बनाना शुरू कर दिया। लेकिन 80 वषीय वयोवृद्ध श्री सिंह को षडयंत्र का पता तब चला जब निगम का एक अधिकारी उनके घर को डे का घर बता कर संपत्ति कर के लिए एसेसमेट करने आया।
बाद में किसी पड़ोसी ने श्री सिंह की पत्नी को रायबेरली फोन कर मामले की जानकारी दी। वो भागी-भागी गुवाहाटी पहुंच गई। पड़ोसियों का कहना है कि जमीन अपने नाम पर करवाने के बाद श्री सिंह को गायब करवाने की फिराक में चनाचुर व्यवसायी डे लगा हुआ था। श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने जमीन पंजाब निवासी एक व्यक्ति जो आज कल चंडीगढ़ में रहते हैं, से खरीदी थी।
जमीन खरीदने के बाद डे उनके घर आने जाने लगा और पिछले 30 साल से एक पड़ोसी के नाते अच्छा संबंध रहा है, वे दुख -सुख में भागी भी रहें हैं। लेकिन आज भी उन्हें यह विश्र्वास नहीं हो रहा है कि डे ऐसा कर सकता है। मालूम हो कि पत्रकारिता में आज भी सक्रिय श्री सिंह को पुत्र नहीं है। बेटियां ससुराल चली गईं हैं। तब से वे अकेले घर में रहते हैं। पत्नी रायबरेली में अपनी विधवा बेटी जो शिक्षिका हैं, के साथ रहती हैं।
गुवाहाटी से नीरज झा की रिपोर्ट.





