पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में बाइक सवार दो बदमाश सहारा समय के मीडिया कर्मी से रिवाल्वर के बल पर लूटपाट कर फरार हो गए. विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी. बदमाशों ने उनसे सोने की चेन, अंगूठियां, मोबाइल फोन सहित अन्य चीजें लूट लीं. इस बाबत जगतपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.
साक्षी प्रकाश (40) अपने परिवार के साथ बी-35ए, विवेक विहार फेज-2 में रहते हैं. वह सहारा समय न्यूज चैनल में कार्यरत हैं. रविवार देर रात करीब सवा 11 बजे वह घर से ऑफिस जा रहे थे. उसी दौरान कड़कड़डूमा रेड लाइट से आगे जाकर जगतपुरी क्षेत्र में उनकी कार के टायर में पंचर हो गया. वह कार से बाहर निकले और स्टेपनी बदलने लगे. उसी दौरान वहां एक पल्सर मोटर साइकिल सवार दो युवक आए और उनसे कहा कि साइड में आइए आपको कुछ बताना है.
जैसे वह उनके साथ फुटपाट पर पहुंचे तो एक बदमाश ने उनपर रिवाल्वर तान दी. उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. बदमाशों ने उनके कानों में पहनी सोने की बाली, गले में पहनी सोने की चेन, दो अंगूठियां, मोबाइल फोन व पर्स में रखे 4 हजार रुपए लूट लिए. बदमाश उनकी कार की चाबी भी ले गए.





