मुंबई : 26/11 केस के आरोपी अबू जिंदाल को आखिरकार कसाब के 'भूत' छुटकारा मिलने जा रहा है। उसे अगले कुछ दिनों में आर्थर रोड जेल से नवी मुंबई की तलोजा जेल ले जाने की तैयारी है। आर्थर रोड जेल के सुपरिंटेंडेंट ने मंगलवार को स्पेशल मकोका कोर्ट को बताया कि वह जिंदाल को नवी मुंबई की तलोजा जेल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। जिंदाल ने स्पेशल मकोका कोर्ट में याचिका देकर धमकी दी थी कि अगर उसे कसाब की कोठरी से नहीं हटाया जाता, तो वह भूख हड़ताल पर चला जाएगा।
मकोका जज के सामने जेल सुपरिंटेंडेंट ने कहा कि जिंदाल को आर्थर रोड जेल में आ रही परेशानियों को देखते हुए उसे तलोजा जेल में शिफ्ट किया जाएगा। गौरतलब है कि आर्थर रोड जेल में कसाब के लिए खास सेल बनाया गया था। आजकल उसी सेल में अबू जिंदाल को रखा गया है। अबू जिंदाल का कहना है कि कसाब उसे सोने नहीं देता। उसके सपने में आता है। वह परेशान है। जिंदाल का कहना था कि जब उसे सऊदी अरब में हिरासत में लिया गया, तब वह मानसिक रूप से परेशान था और तिहाड़ जेल में भी उसका इलाज चल रहा था। अब मुंबई में उसके सपने में कसाब आ रहा है।
मुंबई से नागमणि पांडेय की रिपोर्ट.





