: अपडेट : सहारा समय में एक नया सर्कुलर जारी किया गया है. इस सर्कुलर के अनुसार अब सहारा मीडिया से जुड़े सारे वरिष्ठ अब जयब्रत रॉय उर्फ जेबी रॉय को रिपोर्ट करेंगे. जेबी रॉय को मीडिया से जुड़े सारे निर्णय लेने का अधिकार भी दे दिया गया है. उनके पास किसी को भी रखने और हटाने की जिम्मेदारी भी आ गई है. अब तक यह जिम्मेदारी मीडिया हेड के पास हुआ करती थी. हालांकि जेबी रॉय पहले से ही सहारा मीडिया में ग्रुप मैनेजिंग एडिटर की भूमिका निभा रहे हैं. परन्तु नए बदलाव के तहत अब सभी लोगों की रिपोर्टिंग सुब्रत रॉय की जगह जेबी रॉय को होगी.
बीच में मीडिया हेड संदीप बाधवा को हटाए जाने की बात सामने आई थी. परन्तु बताया जा रहा है कि किसी की कोई जिम्मेदारी नहीं बदली गई है, बल्कि सभी की रिपोर्टिंग जेबी रॉय को कर दी गई है. संदीप बाधवा के नजदीकी लोगों ने भी उनको मीडिया हेड के पद से हटाए जाने की बात को निराधार तथा अफवाह बताया. हालांकि इस सर्कुलर में कड़े शब्दों में लिखा गया है कि मीडिया के भीतर चल रही राजनीति के चलते यह जरूरी हो गया था.
हालांकि इसके कई निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं. चर्चा है कि सेबी प्रकरण में सहारा श्री सुब्रत रॉय की गिरफ्तारी को अंदेशा को देखते हुए कॉरपोरेट एवं मीडिया समेत सभी जिम्मेदारियां जेबी रॉय को सौंपी गई है. मीडिया के अलावा जेबी रॉय कारपोरेट के मामलों को भी देखेंगे. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है, पर जिस तरीके से आनन-फानन में जेबी रॉय को जिम्मेदारी सौंपी गई है उससे इन कयासों को बल भी मिल रहा है. हालांकि जेबी रॉय की जिम्मेदारी बढ़ने की चर्चा तभी से शुरू हो गई थी, जब 20 फरवरी को सुब्रत रॉय की पोती के अन्नप्रासन पार्टी को उनके निर्देशन में आयोजित किया गया था.






