: अखबार मालिक उछाल रहे एक दूसरे पर कीचड़ : जम्मू कश्मीर रियासत के दो बड़े अंग्रेजी अखबार मालिकों में लड़ाई चल रही है, जिसमें दोनों अपने-अपने अखबार का पूरा इस्तेमाल कर रहे हैं। पत्रकारिता की सारी हदों को पार करते हुए एक दूसरे पर कीचड़ भी उछाल रहे हैं, जिससे पूरी रियासत के पाठक हैरान हैं. क्योंकि बिल्कुल निचले स्तर तक जाकर एक दूसरे के खिलाफ लिखा जा रहा है। इस मामले को लेकर सरकार भी गंभीर है। शहर में दो बड़े अंग्रेजी अखबार है, डेली एक्सेलिसयर तथा दूसरा स्टेट टाइम्स। डेली एक्सेलिसयर के मालिक हैं एसडी रेहमोत्रा, जबकि दूसरे अखबार स्टेट टाइम्स के मालिक हैं राज दलुजा।
दोनों में कुछ दिन पहले किसी आपसी बात को लेकर विवाद शुरु हुआ था, जिस पर दोनों ने अगले दिन अपने अखबारों में एक दूसरे पर कीचड उछालना शुरु कर दिया। वह इतने निम्न स्तर तक पहुंच गए कि एक ने दूसरे को साइकिल ठीक करने वाला कहा तो दूसरे ने मर्डर करने वाला कहा। दोनों एक दूसरे की पुरानी हिस्ट्री को खोलने लगे, जिससे लोग हैरान हो गए। अखबारों में इतना तक लिख दिया गया कि रेहमोत्रा को अपने बेटों से डर है। वह उसे जान से मार सकते हैं। दूसरे ने लिखा कि उसकी नागरिकता प्रमाण पत्र फर्जी है, जिसकी जांच भी चला दी गई। उसके अलावा शराब के व्यापार के बारे में लिखा गया। परिजनों के बारे में लिखा गया। इन दोनों ने एक दूसरे पर कीचड़ उछालने के लिए किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी।
अगर एक थोड़ा लिखता है तो दूसरा उससे ज्यादा बड़ा लिख देता है। पिछले कई दिनों से ऐसा चल रहा है। दोनों इतना कुछ लिख चुके हैं कि अब लोगों ने उनकी अखबारों को अपने घरों से बंद करवा दिया है। इस मामले में सरकार भी इतनी गंभीर हो गई है कि आरोप को देखते हुए जांच भी शुरु करा दी है, जिसमें दोनों के पुराने मामलों को लेकर जांच की जा रही है। चार दिन पहले राज दलुजा ने अपनी अखबार में लिखना बंद कर दिया। उसने अपनी अखबार में लिखा कि उसके पाठकों ने उसे ऐसा लिखने से मना किया है। इसलिए अब वह ऐसी कोई खबर को नहीं लिखेंगे, लेकिन एसडी रेहमोत्रा अभी भी हर रोज खबरें लगा रहा है, जिसमें पुरानी हिस्ट्री को खोला जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि दोनों अखबारों के मालिक अपने रिपोर्टरों से नहीं बल्कि शहर के कुछ अन्य बड़े रिपोर्टरों से ऐसा लिखवा रहे हैं। खबरों को लिखवाकर अपने पेपरों में लगा देते हैं। लेकिन इस बारे में किसी को नहीं बताया जा रहा है कि आखिर दोनों अखबारों में ऐसी खबरों को कौन बना रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि ताकि दोनों अखबारों के स्टाफ तक को पता नहीं चले कि अगले दिन पेपर में क्या छपने वाला है। क्योंकि इस लड़ाई में दोनों को अपने स्टाफ पर भी विश्वास नहीं है। उन्हें पहले से ही खबर लीक होने का डर रहता है।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





