रोहतास (सासाराम) जिले के संझौली थाना के प्रभारी मैनेजर राम ने संझौली में दैनिक जागरण के पत्रकार प्रमोद टैगोर को बाजार में सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारने की धमकी दी. उन्हों ने दैनिक जागरण के एक अन्य पत्रकार के साथ भी गाली ग्लौज तथा बदतमीजी की. पत्रकारों ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दे दी है. एसपी ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. कार्रवाई न होने की स्थिति में पत्रकार आंदोलन की तैयारी भी कर रहे हैं.
संझौली के पत्रकार प्रमोद ने अपने मोबाइल नम्बर से थाना प्रभारी संझौली मैनेजर राम के मोबाइल पर मारपीट से संबंधित खबर की पुष्टि के लिए फोन किया. सवाल सुनते ही थाना प्रभारी ने अपमानजनक भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया. पत्रकार ने जब इसका विरोध किया तो मैनेजर राम ने गाली-ग्लौज शुरू कर दी. इसके बाद उन्होंने कहा कि तुम लोग पत्रकार बनते हो, साले संझौली बाजार में दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार देंगे. इसके बाद जमकर गाली-ग्लौज किया.
इसके बाद प्रमोद ने इसकी जानकारी जागरण के ही पत्रकार संतोष चंद्रकांत को दी. संतोष ने जब थाना प्रभारी से पूरे मामले के बारे में पूछा तो वे संतोष के साथ भी वही रवैया अपनाया. उनके साथ भी गाली-ग्लौज की. इस घटना से नाराज पत्रकार रोहतास के एसपी विकास बर्मन से मुलाकात की तथा उनको पूरे घटना की जानकारी दी. एसपी ने इस पूरे मामले को खुद देखने को कहा है. पत्रकारों ने थानध्यक्ष के रवैये की निंदा करते हुए जल्द से जल्द उनके खिलाफ एक्शन लिए जाने की बात की है.
इस पूरे घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि होली से दो दिन पहले जागरण में एक खबर प्रकाशति हुई थी, जिसका शीर्षक था – 'थानाध्यक्ष हुए शर्मसार'. इस खबर में था कि बिक्रमगंज अनुमंडल के एक थाना प्रभसारी अपने महबूबा के संग रंगरेलिया मना रहे थे. इसी बीच किसी ने इसकी सूचना उनकी पत्नी को दे दी. उनकी पत्नी उसी समय मौके पर पहुंच गईं और पति और उनकी महबूबा की मौके पर ही उन्होंने जमकर पिटाई कर दी. हालांकि इसमें किसी का नाम नहीं था फिर भी यह खबर पूरे महकमा में चर्चा का विषय बनी रही और लोग कयास लगाने लगे कि यह मामला संझौली का होगा. हालांकि इसमें कितनी सच्चाई थी यह तो नहीं पता पर माना जा रहा है कि इसी खबर के बाद थानाध्यक्ष मैनेजर राम दैनिक जागरण के पत्रकारों से काफी नाराज थे.






