जालंधर में गाड़ी पर प्रेस लिखवा कर नशीला पदार्थ ला रहे एक युवक को पुलिस ने नशीले पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से प्रेस का कार्ड भी मिला है। पकड़े जाने पर पहले तो उसने प्रेस का धौंस दिखाया, पर जब जांच में नशीला पाउडर मिला तो पुलिस ने अपना रौब दिखाते हुए मामला दर्ज कर के उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रिंस ढींगरा पुत्र सुदेश ढींगरा निवासी जमशेर जंडियाला मंजकी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस पेशे से कबाड़ का काम करता है और चोरी का माल खरीदने के आरोप में तीन मामले पहले ही उस पर दर्ज है। उसने कहीं से प्रेस कार्ड का भी जुगाड़ कर लिया था और इसी के भरोसे गाड़ी पर प्रेस लिखवाकर चल रहा था। थाना सदर प्रभारी रामपाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खुद को पत्रकार कहलाने वाला एक युवक नशे का धंधा कर रहा है।
इसी सूचना के आधार पर एएसआई मोहन सिंह ने सूचना के आधार पर जमशेर से निकल रहे एक लांसर कार को रोका तो उसमें बैठे प्रिंस नाम के युवक ने अपना प्रेस का कार्ड निकाल लिया और रौब झाड़ने लगा। बाद में जब कार की तलाशी ली गई तो कार में से 570 ग्राम नशीला पाउडर मिला। जांच में सामने आया कि प्रिंस के खिलाफ नूरमहल में भी चोरी का सामान खरीदने को लेकर तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।






