लखनऊ। राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को संजय गांधी स्नातकोत्तर चिकित्सा संस्थान (एसजीपीजीआई) में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले का उ.प्र.जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) ने स्वागत किया है। उपजा ने पत्रकारों को पीजीआई में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके मंत्रिपरिषद् के सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।
उपजा के प्रदेश अध्यक्ष रतन कुमार दीक्षित ने एसोसिएशन की ओर से सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गत एक मई 2012 को उपजा ने मई दिवस समारोह में 13 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत कर प्रदेश सरकार से पत्रकारों को पीजीआई में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा समेत अन्य मांगें की थीं। समारोह में मुख्य अतिथि श्रम मंत्री डा. वकार अहमद शाह और कारागार मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने मांग पत्र पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया था। उक्त मांग पत्र श्रम मंत्री श्री शाह एवं कारागार मंत्री श्री चौधरी ने अपनी संस्तुति के साथ मांग पत्र मुख्य मंत्री को प्रेषित किया। प्रदेश मंत्रिपरिषद् द्वारा आज पत्रकारों को चिकित्सा सुविधा प्रदान किये जाने के फैसले पर एसोसिएशन ने मुख्य मंत्री अखिलेश यादव, श्रम मंत्री डा.वकार अहमद शाह एवं कारागार मंत्री राजेन्द्र चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की है कि तेरह सूत्री मांग पत्र की अन्य मांगों पर भी सरकार शीघ्र फैसला लेगी। (प्रेस रिलीज)





