: गोजए का शपथ ग्रहण समारोह : गोरखपुर। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कभी भी स्वच्छंद न होने पाये, पत्रकारों को इस बात से सदैव सचेत रहना होगा। जोखिम भरे मार्ग में पत्रकारों को धैर्य धारण कर निर्भीकता को कायम रखना होगा। उक्त विचार गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के सत्र 2013 के शपथ ग्रहण और प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर अध्यक्ष बोलते हुए साहित्यकार, भारतीय स्काउट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्वोत्तर रेलवे के सीसीएम (कैटरिंग और यात्री सुविधा) श्री राकेश त्रिपाठी ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता, स्वच्छन्दता और प्रतिबद्धता में बहत मामूली अन्तर है, पर ये पूरी तरह पत्रकारिता के मायनों को परिवर्तित कर देते हैं। उन्होंने कहा कि गोजए द्वारा पत्रकारों को दिया गया सम्मान गोरखपुर की पत्रकारिता जगत में एक क्रांतिकारी परिवर्तन लायेगा। उन्होंने कहा कि संचार साधनों की वर्तमान गति में जहाँ एक ओर पत्रकारिता सुगम हुई है, वहीं पत्रकारों को अब अधिक सचेष्ट रहना होगा क्योंकि उनकी एक छोटी सी भूल भी व्यापक असर दिखा सकती है। इसके पूर्व स्थानीय नेपाल क्लब परिसर में आयोजित इस समारोह में माँ सरस्वती की वन्दना के उपरान्त श्री राकेश त्रिपाठी ने गोजए के सदस्यों को पत्रकारीय सरोकारों की शपथ दिलायी। गोजए के दक्षिणांचल प्रभारी श्री राकेश चन्द त्रिपाठी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
सम्मान समारोह के दौरान गोरखपुर के वरिष्ठतम पत्रकारों की श्रेणी में अग्रणी लगभग 5 दशकों की पत्रकारिता कर चुके और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार राज साकेती को पत्रकार अतुल माहेश्वरी स्मृति लाइफ टाइम एचीवमेंट सम्मान-2013 से अलकृत किया गया। इस दौरान सभाकक्ष में उपस्थित लगभग 300 लोगों ने अपने स्थान पर खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ श्री साकेती जी को सम्मान दिया। सम्मान से अभीभूत श्री साकेती ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति तक से सम्मान मिला पर आज का सम्मान अपनों से मिला सबसे बड़ा सम्मान है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय सहारा के श्री दिप्त भानु डे को पत्रकार नरेन्द्र मोहन गुप्त स्मृति प्रतिभा सम्मान, स्वतंत्र चेतना गोरखपुर के प्रबंध संपादक युवा पत्रकार आनन्द जी वैश्य को पत्रकार डा0 रामदरस त्रिपाठी स्मृति, जनसन्देश टाइम्स के डीएनई उपेन्द्र नाथ पाण्डेय को पत्रकार जयप्रकाश शाही स्मृति, हिन्दुस्तान के शफी आजमी को पत्रकार एम0 कोठियावी राही स्मृति, आज के आर0पी0 सिंह को पत्रकार गिरिजेश राय स्मृति, दैनिक जागरण के शैलेन्द्र श्रीवास्तव को पत्रकार मुन्ना लाल स्मृति, अमर उजाला काम्पैक्ट के विवेक पाण्डेय को पत्रकार विजय प्रताप सिंह स्मृति और टाइम्स आफ इण्डिया की गोरखपुर संवाददाता श्रीमती अर्जुमन्द बानो को पत्रकार डा0 सदाशिव द्विवेदी स्मृति प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय सहारा के स्थानीय सम्पादक मनोज तिवारी ने कहा कि पहले पत्रकारिता की कुछ निश्चित वर्जनाएं होती थी, वर्जनाऐं आज भी है पर उनका स्वरूप बदला हुआ है। स्थितियां परिस्थितियां सभी बदली है। पत्रकार को सत्य वाचन, लेखन के मार्ग पर अटल रहना होगा। वर्जनाओं के परे जो भी लिखें, सत्य लिखे। टाइम्स आफ इंडिया के पूर्व गोरखपुर प्रभारी और वरिष्ठ पत्रकार डा0 एस0पी0 त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों का पत्रकारों द्वारा सम्मान एक अच्छी परम्परा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के कार्य में चुनौतियां अधिक है, सत्य लेखन में विश्व में प्रतिवर्ष कम से कम 20 पत्रकार मारे जाते हैं। इसके बाद भी पत्रकारिता की पहचान निर्भीकता ही है।
आकाशवाणी गोरखपुर के समाचार सम्पादक और गोजए के संरक्षक रमेश चन्द्र शुक्ल ने कहा कि निर्भीकता के बिना पत्रकारिता नहीं हो सकती। समाज के ऐसे जुझारू पत्रकारों को सम्मानित कर हमने अपना ही सम्मान किया है। वरिष्ठ साहित्यकार व गोजए के संरक्षक डा0 उदयभान मिश्र ने कहा कि पत्रकार सदैव परम्परा से बंधा होता है। वह समाज को बदलने का औजार होता है। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन गोरखपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट कृष्ण बिहारी दूबे ने कहा कि गोरखपुर के पत्रकारों को जब भी जरूरत होगी, अधिवक्ता समाज उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगा। समारोह को शफी आजमी, आनन्द जी वैश्य, उपेन्द्रनाथ पाण्डेय, आर0पी0 सिंह, विवेक पाण्डेय और अर्जुमन्द बानों ने भी सम्बोधित किया।
इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत करते हुए लोकभारती समाचार पत्र के प्रदेश संवाददाता, गोजए अध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने कहा कि तमाम विसंगतियों और विपरीत परिस्थितियों के बाद भी गोजए लगातार अपने कर्म पथ पर आगे बढ़ता जा रहा है। गोजए की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए गोजए महामंत्री डा0 मुमताज खान ने बताया कि गोजए प्रदेश में एकमात्र पत्रकारों की संस्था है जो ना केवल अपने सदस्यों का बीमा कराती है, वरन उनके लिये एक अलग कल्याण कोष और वैकल्पिक ब्लड बैंक की व्यवस्था भी रखती है। संस्था द्वारा अब तक 7 पत्रकारों को लाइफ टाइम एचीवमेंट सम्मान दिया जा चुका है जबकि समाज के विभिन्न वर्गो के सैकड़ों प्रतिभाशाली लोगों को प्रतिभा सम्मान दिया जा चुका है। समारोह के अन्त में शामिल सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और शाल देकर सम्मानित किया गया। समारोह का सफल संचालन युवा पत्रकार आत्रेय शुक्ल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ‘गणेश‘ ने किया। समारोह के अन्त में गोरखपुर के आज बरेली के पूर्व स्थानीय संपादक, वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय गिरिजेश राय को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी।
समारोह में प्रेस क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष अजित सिंह, सचिव मोहम्मद अनीस खान, वरिष्ठ पत्रकार श्यामानन्द श्रीवास्तव, गोजए कोषाध्यक्ष वागीश चन्द श्रीवास्तव, विनय उपाध्याय, रविन्द्र शर्मा, एम0वाई0 खान, देवरिया पालिटेक्निक के प्राचार्य आई0 खान, डा0 हरेन्द्र शर्मा प्राचार्य, मण्डलीय उद्धार अधिकारी मोहम्मद इकबाल, एडवोकेट अतीक अहमद, शिक्षक नेता सत्यप्रकाश पाठक, कार्यालय प्रभारी विनय गुप्ता, श्रीमती सीमा मुमताज, इन्द्रमणि त्यागी, इशरत शमीम सिददीकी, जितेन्द्र सैनी, अतुल श्रीवास्तव, एम0जेड0 बेग, गोजए देवरिया प्रभारी राबी शुक्ल, सुधाकर पाण्डेय, विनय चतुर्वेदी, गोजए दक्षिणांचल के राकेश चन्द्र त्रिपाठी, कुबेर नाथ, मदन मोहन, अमिताभ पाण्डेय सहित लगभग 300 पत्रकार उपस्थित थे।





