एक दुखद समाचार इंडिया टीवी न्यूज चैनल से है. यहां आरएस इंजीनियर / ओवी इंजीनियर के रूप में काम करने वाले 35 वर्षीय चित्रपाल सिंह पिछले चार दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. पर इंडिया टीवी से उनकी खैर खबर लेने कोई भी वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल नहीं पहुंचा. चित्रपाल सिंह नोएडा के सेक्टर 27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती हैं.
चार दिन पहले वे जब घर से ड्यूटी जा रहे थे तो उनका एक्सीडेंट हो गया. वे बाइक पर थे और किसी गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी. चित्रपाल की ड्यूटी उस दिन विजय चौक पर ओवी पर लगाई गई थी. उन्हें विजय चौक जाकर वहां ओवी पर कार्यरत साथी को रिलीव करना था. मयूर विहार फेज थ्री के पास उन्हें किसी गाड़ी ने भयानक रूप से टक्कर मार दी. उनके चारो पसली में फ्रैक्चर है, कंधे में फ्रैक्चर है, सर में चोट है. कैलाश अस्पताल में वे चार दिन से जिंदगी मौत के बीच झूल रहे हैं. इंडिया टीवी की तरफ से रजत शर्मा को तो छोड़िए, दूसरा कोई डिपार्टमेंटल हेड तक उन्हें देखने नहीं गया.





