लखनऊ। लखनऊ के मेयर दिनेश शर्मा ने राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त संवाददाताओं को उनके स्वामित्व वाले मकानों के हाउस टैक्स में छूट देने तथा उनसे वाहन पार्किंग शुल्क नहीं लेने का ऐलान किया है। शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति की मांग पर नगर निगम प्रशासन ने राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त संवाददाताओं को उनके स्वामित्व वाले मकान के हाउस टैक्स में छूट देने का फैसला किया है।
मेयर ने बताया कि पूर्व में राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों के हाउस टैक्स में छूट का प्रस्ताव पारित किया गया था। लेकिन उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी तथा सचिव सिद्धार्थ कलहंस की मांग पर इस सिलसिले में पारित पूर्व प्रस्ताव में संशोधन करके अब राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी इस छूट के दायरे में लाया जाएगा। मेयर ने कहा कि राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त संवाददाताओं की नगर निगम की पार्किंग में शुल्क भी माफ कर दिया गया है। इस सिलसिले में औपचारिकताएं जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी।
इस बीच, उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी तथा सचिव सिद्धार्थ कलहंस ने मेयर की इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बड़ी संख्या में मीडियाकर्मियों को राहत मिलेगी। (भाषा)






