हैदराबाद। साक्षी मीडिया के चेयरमैन एवं वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख जगनमोहन रेड्डी ने अपने खिलाफ भ्रष्टाचार के सभी मामलों में एक साथ सुनवाई के लिए विशेष सीबीआई अदालत में याचिका दाखिल की है। जगन ने यह भी मांग की है कि सीबीआई द्वारा अंतिम चार्जशीट दाखिल करने के बाद ही सभी मामलों में सुनवाई शुरू हो। जबकि सीबीआई हर आरोप पत्र पर अलग-अलग सुनवाई पर जोर दिया है। दोनों पक्षों की जिरह सुनने के बाद अदालत ने सुनवाई 24 अप्रैल तक स्थगित कर दी है।
सीबीआई अदालत ने सोमवार को दवा कंपनियों द्वारा दो अप्रैल को दायर एक पूरक आरोप पत्र पर संज्ञान लिया। निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाले सरकारी आदेशों और उन कंपनियों द्वारा जगन की कंपनियों में करोड़ों रुपये के निवेश के मामले में सीबीआई अब तक पांच चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। हाल में सीबीआई द्वारा दाखिल चार्जशीट में आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री सबिता रेड्डी का नाम भी बतौर आरोपी शामिल किया गया है।
चंचलगुड़ा जेल में बंद जगन ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल की है। अपनी याचिका में कडप्पा सांसद ने कहा है कि सीबीआई की चार्जशीट सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है क्योंकि सर्वोच्च अदालत ने अक्टूबर के अपने आदेश में जांच एजेंसी को सभी बाकी मामले समाहित करते हुए आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन सीबीआई ने कोर्ट के आदेश के तहत काम नहीं किया। जमानत के लिए जगन दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं।






