नई दिल्ली। राजधानी के केबल ऑपरेटर अपने कारोबार को बचाने तथा एमएसओ की मनमानी पर रोक लगाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आये हैं। केबल ऑपरेटरों के संगठन 'ट्रांस यमुना केबल टीवी ऑपरेटर एसोसिएशन' के बैनर तले मंगलवार से केबल ऑपरेटरों ने ट्राई के दफ्तर के बाहर भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है, जो बुधवार तक जारी रहेगी। इसके बाद भी अगर ट्राई की ओर से केबल ऑपरेटर और एमएसओ के बीच के विवाद को नहीं सुलझाया जाता है तो केबल ऑपरेटर 24 अप्रैल को जंतरमंतर पर सेट टॉप बाक्स की होली जलाकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित के नेतृत्व में मंगलवार से शुरू हुए भूख हड़ताल में दर्जनों केबल ऑपरेटर शामिल हुए। इस मौके पर श्री पंडित ने कहा कि उनकी लड़ाई एमएसओ से अपने लिए नहीं बल्कि इस उद्योग धंधे को बचाने और उपभोक्ताओं को महंगाई की मार से बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि हम उपभोक्ताओं को सस्ते में चैनल दिखाना चाहते हैं पर ट्राई के साथ मिल कर एमएसओ हमें महंगे पैकेज देने को मजबूर कर रहे हैं। हम जब उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में ज्यादा शुल्क देने की बात करते हैं तो वह कनेक्शन कटवाने को कहता है। ऐसे में पिछले दो एक महीने में केबल उपभोक्ताओं की संख्या आधी रह गई है। इससे केबल ऑपरेटरों को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी मांगों पर सरकार गौर नहीं करती है तो हम 24 अप्रैल को जंतर मंतर पर सेट टॉप बाक्स की होली जलाकर अपना विरोध व्यक्त करेंगे। इसके बाद भी हमारी मांगें नहीं मानी गई तो हम पूरी दिल्ली में केबल प्रसारण को ठप करेंगे। इस मौके पर एसोसिएशन से जुड़े केबल ऑपरेटर अखिलेश कुमार, प्रदीप शर्मा, तसमीरा, जय प्रकाश, जगजीत राय आदि मौजूद थे। (सहारा)





