: स्टेट हेड समेत पांच लोगों का इस्तीफा : आर्यन टीवी, पटना से खबर है कि एनडीटीवी समेत कई चैनलों में काम कर चुके अभिरंजन कुमार ने एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर ज्वाइन किया है. वे फिलहाल चैनल के कंटेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. बताया जा रहा है कि अभिरंजन एनडीटीवी, इंडिया टीवी, पी7 समेत कई चैनलों में काम कर चुके हैं. वे पिछले कुछ समय से खाली थे. प्रबंधन ने अभिरंजन को चैनल का कंटेंट तथा टीआरपी सुधारने का जिम्मेदारी सौंपी है. चैनल में अभी तक चैनल हेड की नियुक्ति नहीं हुई है.
दूसरी तरफ आर्यन टीवी, रांची से खबर है कि वहां से स्टेटहेड समेत पांच लोगों ने चैनल को अलविदा कह दिया है. खबर है कि कास्ट कंटिंग एवं कुछ शिकायतों के बाद कई कर्मचारियों को हटाने का निर्णय मैनेजमेंट की तरफ से लिया गया था. प्रबंधन के इस निर्णय का विरोध करते हुए स्टेट हेड भुजंग भूषण ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे फिलहाल नोटिस पीरियड पर चल रहे हैं. कंपनी की तरफ से भेजे गए संजय सिंह ने रांची में कार्यभार संभाल लिया है. वे नए ब्यूरोचीफ की नियुक्ति तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे. नए ब्यूरोचीफ की नियुक्ति होते ही वह वापस पटना हेड ऑफिस लौट आएंगे. सूत्रों का कहना है कि झारखंड में चैनल का प्रसारण भी नहीं हो रहा था.
स्टेट हेड भुजंग भूषण के अलावा इस्तीफा देने वालों में सुनीता प्रसाद, अभिषेक कुमार, राजेश एवं मनोज कुमार शामिल हैं. ये लोग काफी समय से चैनल से जुड़े हुए थे. भुजंग भूषण की गिनती सीनियर पत्रकारों में होती है. खबर है कि भुजंग भूषण जल्द ही किसी नए चैनल से जुड़ने वाले हैं. प्रबंधन के फैसले के विरोध में कुछ स्ट्रिंगरों ने भी इस्तीफा दे दिया है. वैसे भी आर्यन प्रबंधन पिछले छह महीनों से झारखंड के स्ट्रिंगरों का पैसा नहीं दिया है. संजय सिंह ने फिलहाल जिम्मेदारी संभाल ली है. अब देखना है कि प्रबंधन नए स्टेट हेड के रूप में किसको जिम्मेदारी सौंपता है.






