राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत फेसबुक पर पूरी दमदारी के साथ मौजूद हैं. उनके नाम का जो पेज है, उस पर रोजाना कुछ न कुछ अपडेट किया जाता है. आज वहां पत्रकारों की एक फोटो और इससे जुड़ी खबर का प्रकाशन किया गया है. फोटो में पत्रकार लोग सीएम की ओर मुखातिब होकर और सीएम साब पत्रकारों की तरफ देखते हुए हाथ जोड़े हैं. यह हाथ जोड़ाई कार्यक्रम इसलिए चला क्योंकि सीएम ने पत्रकारों को प्लाट दे दिया.
यूपी के पत्रकार फ्री इलाज की सुविधा पाकर लहालोट होते हैं तो राजस्थान के पत्रकार प्लाट-भूखंड के चलते खुद को कृतज्ञ महसूस करते हैं. कृतज्ञता आंखों से टपक भी रही है, तस्वीर को जरा ध्यान से देखिए. इस तस्वीर को फेसबुक पर अशोक गहलोत ने डालकर ठीक किया है. इससे यह पता तो चल जाता है कि अफसरों, नेताओं, व्यापारियों की तरह पत्रकार भी पूरे समाज का नहीं, बल्कि खुद का हित चिंतक है. अच्छा है, जितना जल्दी भ्रम खत्म हो. लीजिए पढ़िए जो अशोक गहलोत ने अपने फेसबुक वॉल पर डाला है. -यशवंत, एडिटर, भड़ास4मीडिया
Ashok Gehlot : मुख्यमंत्री का पिंकसिटी प्रेस क्लब ने भूखंड आवंटन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का बुधवार सायं यहां उनके राजकीय निवास पर जयपुर पिंकसिटी प्रेस क्लब से जुड़े पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने नायला में पत्रकारों के लिए नवसृजित पिंकसिटी प्रेस एनक्लेव में भूखंड आवंटन करने पर आभार व्यक्त किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री नीरज मेहरा के नेतृत्व में पत्रकार मुख्यमंत्री से मिले। श्री मेहरा ने बताया कि इस आवासीय योजना में पत्रकारों को 571 भूखंड लॉटरी के जरिए आवंटित किए गए हैं। इससे प्रदेश की राजधानी में पत्रकारों की आवासीय समस्या का निराकरण हुआ है। जिससे सभी के चेहरे खिले हुए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि जेडीए में लॉटरी निकलने के बाद पत्रकारों ने पिंकसिटी प्रेस क्लब में उत्सव सरीखे माहौल के बीच अपनी खुशी बांटी तथा एक-दूसरे को बधाई दी। श्री मेहरा ने कहा कि राज्य सरकार ने पत्रकारों की आवासीय समस्या का समय पर निदान कर उन्हें राहत एवं खुशियां दी है। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को अपनी ओर से बधाई देते हुए कहा कि हमने पट्टे पर भू स्वामी की पत्नी का नाम जुडवाने की पहल की जिससे आपके साथ-साथ आपके घर में भी इस खुशी का अनुभव हो सके। इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव श्री विकास शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री एल.एल.शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री मुकेश चौधरी, श्री विशाल शर्मा सहित प्रिंट एवं इलैक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार एवं फोटो पत्रकार उपस्थित थे।





