: एक आरोपी अरेस्ट : नई दिल्ली। चार्टर्ड बस में नाबालिग से बलात्कार की वारदात के बाद दिल्ली में एक बार फिर गैंगरेप का मामला सामने आया है। दिल्ली के न्यू अशोक नगर में तीन लड़कों ने दसवीं की छात्रा को स्कूल जाते वक्त गाड़ी में अगवा कर लिया और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जो कि रिश्ते में लड़की का भाई लगता है, जबकि उसके दो दोस्त अभी फरार हैं। लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पीड़ित के घरवालों का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने 10वीं की छात्रा को दिनदहाड़े उस वक्त गाड़ी में अगवा किया जब वो अपनी सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी। एक स्कॉर्पियो पर सवार तीन युवकों ने एक छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठा लिया और उसे सरोजनी नगर इलाके के एक फ्लैट में ले गए। पीड़िता के मुताबिक, युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाशों ने लड़की को सरोजनी नगर में ही छोड़ दिया।
लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और फिर घरवालों को आपबीती सुनाई। बाद में मामला पुलिस के पास पहुंचा। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आनन-फानन में प्रदीप नाम के एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप छात्रा का रिश्तेदार ही है। फिलहाल पुलिस को अब बाकी 2 आरोपियों की तलाश है। इस वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि राजधानी दिल्ली में में महिलाएं बिलकुल महफूज नहीं हैं।






