नई दिल्ली। पूर्व एयर होस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व गृह राज्यमंत्री और हरियाणा न्यूज चैनल के मालिक गोपाल गोयल कांडा की ओर से एफएसएल रिपोर्ट की प्रति सौंपने की मांग की गई है। इस मामले में कांडा के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर बहस चल रही है।
बृहस्पतिवार को रोहिणी जिला अदालत के जिला न्यायाधीश एस के सरवरिया के समक्ष गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपियों की ओर से पेश वकील ने कहा कि फारेंसिक साइंस प्रयोगशाला द्वारा 17 फरवरी को पत्र भेजकर अदालत को इस बात की जानकारी भेजी जा चुकी है कि एफएसएल रिपोर्ट तैयार है। पुलिस की ओर से यह रिपोर्ट अदालत में अब तक पेश नहीं की गई है। फलस्वरूप उन्हें भी इसकी प्रति नहीं मिली है। इस बावत न्यायाधीश ने अभियोजन पक्ष को जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी। (सहारा)





