अपनी नाबालिग भतीजी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के बाद से फरार मराठी साप्ताहिक अखबार के संपादक को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी परली वैजनाथ से प्रकाशित साप्ताहिक मराठी अखबार 'मानपत्र' का संपादक है.
परली के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हनुमंत गायकवाड़ ने बताया कि हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान परली वैजनाथ के भीमनगर इलाके के रहने वाले 48 वर्षीय बालासाहब सपनराव जगतकर के तौर पर की गयी है जिसने बुधवार की शाम को पड़ोस के ही घर में रहने वाली अपनी 17 साल की भतीजी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की.
शिकायत के मुताबिक जगतकर ने लड़की को पीने का पानी लाने को कहा और जब वह एक गिलास पानी लेकर उसके घर में आई तो संपादक ने कथित तौर पर लड़की के साथ छेड़छाड़ की. गायकवाड़ के मुताबिक हालांकि लड़की संपादक के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रही. पुलिस अधिकारी स्वाति केदार मामले की जांच कर रही हैं.





