प्रभात खबर, जमशेदपुर से सूचना है कि चीफ रिपोर्टर विनोद शरण का तबादला धनबाद के लिए कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि उन्हें धनबाद में अखबार को मजबूती देने के लिए भेजा गया है. विनोद पिछले ढाई दशक से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. धनबाद में उन्हें ब्यूरोचीफ बनाकर लाया गया है. इनकी गिनती झारखंड के वरिष्ठ एवं सुलझे हुए पत्रकारों में की जाती है.
महुआ न्यूज, जमशेदपुर से खबर है कि रवि झा ने इस्तीफा दे दिया है. वे यहां पर ब्यूरोचीफ थे. एक महीने पहले ही इन्होंने ईटीवी से इस्तीफा देकर महुआ न्यूज ज्वाइन किया था. बताया जा रहा है कि प्रबंधन के झूठे आश्वासनों से परेशान होकर रवि ने इस्तीफा दिया है. खबर है कि वो एक रीजनल चैनल के संपर्क में हैं और जल्द ही ब्यूरो के रूप में ज्वाइन करने वाले हैं. रवि की गिनती जमशेदपुर के तेजतर्रार पत्रकारों में की जाती है. रवि 2002 से ही ईटीवी से जुड़े थे. रवि ने करियर की शुरुआत 94 में इस्पात मेल के साथ की थी. इसके बाद वे आवाज पहुंचे. लोकल न्यूज चैनल थर्ड आई से जुड़े. इसके बाद वार्तालाप मेल तथा यूनिवर्सल मेल पत्रिका का संपादन किया. दैनिक जागरण को सेवा देने के बाद ईटीवी से जुड़ गए थे. खबर है कि महुआ न्यूज से इस्तीफा देने के बाद वो एक स्थानीय न्यूज चैनल संचालित कर रहे हैं.
महुआ न्यूज, जमशेदपुर से चंद्रशेखर ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे स्ट्रिंगर थे. चंद्रशेखर ने अपनी नई पारी जमशेदपुर में ही कशिश न्यूज के साथ शुरू की है. इन्हें यहां भी स्ट्रिंगर ही बनाया गया है.





