यूं तो आईपीएल के कारण इंडियन टेलीविजन की रेटिंग में बहुत फर्क पड़ा है लेकिन 15वें सप्ताह में लोकप्रिय शो और एंटरटेनमेंट चैनल की रैकिंग पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा। आइए जानें 15वें सप्ताह इंडियन टेलीविजन की टैम रेटिंग में किस शो ने टॉप 10 में रैकिंग हासिल की। पिछले सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी कलर्स को सोनी ने मात दे दी। जिससे कर्लस नंबर चार पर और सोनी टीवी नंबर तीन पर है।
वहीं पिछले 14 सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी स्टार प्लस चैनल नंबर वन पर है और जीटीवी नंबर दो की पोजीशन पर है। इतना ही नहीं, सब टीवी और लाइफ ओके हर बार की तरह नंबर पांच और छह पर हैं। हर सप्ताह की तरह स्टार प्लस के शो इस सप्ताह भी टॉप 3 में अपनी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। दिलचस्प बात ये है कि इस सप्ताह स्टार प्लस के तीन शो टॉप 3 में रहें। ये तीन शो हैं- 'दीया और बाती हम', 'प्यार का दर्द मीठा मीठा प्यारा प्यारा' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है'।
सब टीवी पर प्रसारित कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' पिछले सप्ताह नंबर तीन पर था लेकिन इस बार ये शो नंबर चार पर पहुंच गया हैं। वहीं स्टार प्लस पर प्रसारित धारावाहिक 'वीरा' नंबर पांच पर पहुंच गया है। इसी के साथ कलर्स पर प्रसारित धारावाहिक 'मधुबाला' नंबर छह पर हैं। कलर्स पर प्रसारित धारावाहिक 'बालिका वधु' जो कि टॉप 3 में आया करता था अब टॉप 10 में ही शामिल है। वहीं जीटीवी के शो 'सपने सुहाने लड़कपन के' के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
स्टार प्लस पर प्रसारित रियलिटी शो 'नच बलिए श्रीमान वर्सेज श्रीमती' भी इस सप्ताह टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब हुआ है। इसके अलावा सोनी टीवी का 'सीआईडी', जीटीवी का 'कुबूल है', कलर्स पर प्रसारित 'उतरन' और स्टार प्लस पर प्रसारित 'साथ निभाना साथिया' भी टॉप 10 की फेहरिस्त में शामिल हैं। (अमर उजाला)






