नई दिल्ली : ऐसे समय में जब नेपाल में चीन अपनी उपस्थिति लगातार मजबूत करने का प्रयास कर रहा है और वहां एक वर्ग भारत विरोधी लहर को हवा देना चाहता है, वहां के पत्रकारों का एक दल भारत आया हुआ है। विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित नेपाली पत्रकारों के दल के दौरे का उद्देश्य भारत, उसकी संस्कृति, स्थानीय लोगों को जानने के साथ ही भारत के नीति निर्धारकों से सीधी मुलाकात कर उन विषयों पर अपनी शंका दूर करना है, जो भारत-नेपाल द्विपक्षीय रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
एक सप्ताह के भारत दौरे पर 21-27 अप्रैल के बीच भारत आए पत्रकारों के इस दल में विभिन्न नेपाली मीडिया संस्थानों के एक दर्जन पत्रकार शामिल हैं। मंगलवार को यह दल भारतीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, विदेश सचिव रंजन मंथाई, विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (उत्तर) अखिलेश मिश्रा से मुलाकात करेंगे। साथ ही मंगलवार को यह दल भारतीय संसद की कार्यवाही देखेगा। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि यह दल दिल्ली और मद्रास का दौरा करेगा। इस दौरान यह दल स्थानीय पत्रकारों और बुद्धिजीवियों से भी सीधे वार्तालाप के कार्यक्रम में मिलेगा। उनसे अपनी शंकाओं को जाहिर करेंगे और उनके जवाब हासिल करने का प्रयास करेंगे। तमिलनाडु में यह परमाणु केंद्र का भी दौरा करेंगे। (भास्कर)






