पटना। दिल्ली में गुड़िया के साथ रेप की घटना की निंदा जहां पूरे देश दुनिया में हो रही है, वहीं बिहार के बिहटा में भी एक मासूम बच्ची के साथ रेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना को दबाने के लिए आरोपी ने पीडि़त बच्ची के पूरे परिवार को नजरबंद कर रखा था ताकि उसका परिवार थाने नहीं पहुंच सके।
रेप की घटना गत 15 अप्रैल को बिहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा एक की छात्रा छह वर्षीय रिंकी (काल्पनिक नाम) के साथ हुई। गांव के दबंग खेतिहर परिवार का युवक प्रकाश कुमार (20 वर्ष) बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने खेत में ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। इसके बाद युवक के परिवार वालों ने मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले लड़की के पिता और मां को डरा-धमकाकर घर में ही पहरे में रख दिया।
पीडि़त परिवार के हर गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी, ताकि मामला थाने तक न पहुंचे। लेकिन इस घटना की चर्चा जब गांव से होते हुए मीडिया और पुलिस को लगी तब जाकर पुलिस संरक्षण में यह मामला रविवार को थाने में दर्ज हुआ। अब पुलिस आरोपी को दबोचने में जुटी है। हालांकि अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।






