मुगलसराय से खबर है कि हिंदुस्तान के पत्रकार अशोक जायसवाल एक सड़क हादसे में घायल हो गए. उनके सीने में चोटें आई हैं. अशोक चकिया तिराहे के पास स्थित अपने कार्यालय से काम के पश्चात रात साढ़े दस बजे वापस अपने घर लौट रहे थे. वे अभी रेलवे पुल पर पहुंचे ही थे कि इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे अशोक की बाइक अनियंत्रित होते हुए पुल से नीचे की तरफ फिसल गई.
बाइक समेत अशोक जायसवाल कई चक्कर पलटते हुए नीचे गिर गए. टक्कर मारने के पश्चात पिकअप वाला फरार हो गया. अंधेरा होने तथा लोगों का आवागमन कम होने के चलते अशोक कई मिनट तक बेसुध पड़े रहे. फिर किसी तरह अपने मोबाइल से उन्होंने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें उठाकर चिकित्सक के पास ले जाया गया. उनके सीने में गंभीर चोटें आई हैं. शरीर के उपर हल्के खरोंच आए हैं.






