इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सर्वोच्च न्यायालय ने उन पत्रकारों की सूची जारी की है जिन्हें कथित रूप से सूचना मंत्रालय एक गुप्त कोष के जरिए धन मुहैया कराता था। इस आशय की जानकारी मीडिया रिपोर्ट में दी गई है। निजी चैनल के दो एंकरों की याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने पत्रकारों के नाम जारी किए।
एंकरों ने अपनी याचिका में अदालत से मीडिया की जवाबदेही का मामला और वर्ष 2011-12 के दौरान पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) नीत सरकार द्वारा पत्रकारों को किए गए भुगतान की जांच करने का आग्रह किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की सूची सार्वजनिक की। सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर संवितरण की सूची प्रदर्शित की गई है। कुल 17.798 करोड़ रुपये संवितरित किए गए। सूची में शामिल पत्रकारों ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। (आईबीएन)






