गोरखपुर और अम्बेडकर नगर की सीमा पर स्थित कम्हरिया घाट पर चल रहे जल सत्याग्रह मीडियाकर्मियों तथा पीएसी के जवानों की जलसमाधि स्थल बनने से बच गया. अपनी मांगों को लेकर जल समाधि लेने जा रहे ग्रामीणों को बचाने के लिए कई नावों पर सवार होकर पीएसी के जवान तथा कुछ मीडियाकर्मी सरयू नदी में गए थे. जलसमाधि लेने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों के बचाने की अफरातफरी में पीएसी के जवान तथा मीडियाकर्मियों से भरी दो नावें सरयू नदी में पलट गईं.
कई जवान जो तैरना जानते थे तैर कर बाहर आने लगे परन्तु कुछ जवान और मीडियाकर्मी सरयू में डूबने लगे. इन लोगों को डूबता देख जल सत्याग्रह कर रहे ग्रामीण अपनी जिद छोड़कर इन लोगों को बचाने में जुट गए. बाद में ग्रामीणों ने सभी को बचा लिया तथा नदी से बाहर ले आए.





