स्वतंत्र पत्रकार परन्जॉय गुहा ठाकुरता द्वारा 'फाइनेंशियल टाइम्स' मामले में लिखे गए लेख, ‘किसकी है बौद्धिक संपदा’?, जो 4 फ़रवरी 2013 को बिजनेस डेली मिंट में प्रकाशित हुआ था, पर नाराजगी जताते हुए बेनेट कोलमैन एंड कंपनी (बीसीसीएल) ने ठाकुरता को एक लीगल नोटिस भेजा है. ब्रिटेन बेस्ड पीयर्सन के स्वामित्व वाली डेली फाइनेंशियल टाइम्स और बीसीसीएल के बीच पिछले दो दशक से 'फाइनेंशियल टाइम्स' के टाइटिल को लेकर विवाद चल रहा है.
इसी मामले पर बीते 4 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थी. इसी मामले को लेकर ठाकुरता ने मिंट में एक लेख लिखा था. सन 2001 में एफटी ने बेनेट कोलमैन के खिलाफ याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उसने द इकोनॉमिक्स टाइम्स के साथ एफटी को सप्लीमेंट के तौर पर प्रकाशित किया था, जो भारत में फाइनेंसियल ट्रेड मार्क का उल्लंघन है. आरएनआई से टाइम्स समूह ने 1991 में फाइनेंशियल टाइम्स टाइटल का रजिस्ट्रेशन करवाया था.
इसी विवाद को लेकर लिखे गए लेख के मामले में परन्जॉय गुहा ठाकुरता को बीसीसीएल की तरफ से अधिवक्ता केसी दत्ता का एक लीगल नोटिस मिला है. उस नोटिस में ठाकुरता से कई सवालों के जवाब मांगे गए हैं. संभावना है कि ठाकुरता जल्द ही इस नोटिस का जवाब देंगे.





