: एसीपी को कारण बताओ नोटिस, एसआई निलंबित : कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के करया थाना क्षेत्र के ब्रॉड स्ट्रीट स्थित एक निजी नर्सिगहोम में मंगलवार सुबह एक मरीज ने बिल्डिंग की छत से छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक का नाम अर्धेदु चक्रवर्ती है जो यादवपुर का रहने वाला था और मधुमेह रोग से पीडि़त था। जब मौके पर मीडिया कर्मी पहुंचे तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया, जिसमें दो पत्रकार समेत तीन लोग जख्मी हो गए।
घटना के बाद कोलकाता पुलिस आयुक्त आरके पचनंदा ने एसीपी शांति प्रसाद राय को कारण बताओ नोटिस और एसआई कुमार क्षेत्री को निलंबित कर दिया। यह मामला विधानसभा में भी उठाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रॉड स्ट्रीट के मेडिव्यू नर्सिगहोम में सोमवार रात 11.30 बजे अर्धेदु चक्रवर्ती को भर्ती किया गया था। उसने मंगलवार सुबह छत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नर्सिगहोम प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया और मीडिया कर्मियों पर भी जमकर लाठियां बरसाई। इसमें दो पत्रकार घायल हो गए। साभार : जागरण





