नेशनल दुनिया प्रबंधन मेरठ में अखबार की लांचिंग की तैयारियों में जोरशोर से जुटा हुआ है. इसके लिए नियुक्तियों का दौर भी शुरू हो चुका है. संभावना है कि नेशनल दुनिया के मेरठ में आगमन से सबसे ज्यादा चोट दैनिक जागरण को लगेगी, क्योंकि मेरठ के संपादक बनाए गए श्रीकांत अस्थाना लंबे समय तक दैनिक जागरण में रहे हैं. साथ ही कम सैलरी भी जागरण की तोड़फोड़ में सहायक साबित होगी. जागरण के टूटने की शुरुआत भी हो चुकी है.
दैनिक जागरण, मेरठ से वरिष्ठ पत्रकार रियाज हाशमी और धीरेंद्र मिश्र ने इस्तीफा दे दिया है. ये लोग अपनी नई पारी नेशनल दुनिया से शुरू करेंगे. दोनों वरिष्ठ पत्रकार लंबे समय से जागरण के साथ जुड़े रहे हैं. संभावना है कि जल्द ही दो-तीन और पत्रकार जागरण से इस्तीफा देकर नेशनल दुनिया जाएंगे. विज्ञापन और प्रसार विभाग से भी कई लोग नेशनल दुनिया प्रबंधन के संपर्क में हैं. इसलिए संभावना जताई जा रही है कि जागरण में जनवाणी के लांचिंग के समय आया भूचाल एक बार फिर नेशनल दुनिया लाने वाला है.





