देवघर में यौन उत्पीड़न मामले में फंसे जिला कल्याण पदाधिकारी आशोक प्रसाद के बयान पर दर्ज भयादोहन के मामले में आरोपी बनाए गए पत्रकार रंजीत कुमार वर्णवाल तथा सहदेव मंडल ने गुरुवार को न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया. इसके बाद दोनों पत्रकारों ने जमानत अर्जी दाखिल की. दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद प्रभारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एसके सिंह ने छह हजार रुपये के दो मुचलके पर दोनों पत्रकारों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया.
गौरतलब है कि देवघर के जिला जनसंपर्क अधिकारी जवाहर कुमार तथा जिला कल्याण अधिकारी अशोक प्रसाद को पुलिस ने एक युवती के यौन शोषण मामले में अरेस्ट किया था, जिसके बाद अशोक प्रसाद ने आवेदन दिया था कि इन दोनों पत्रकारों ने उनको साजिश के तहत फंसाया है तथा ब्लैकमेलिंग कर भयादोहन करने का प्रयास कर रहे थे. इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था तथा दोनों पत्रकारों की तलाश कर रही थी.





