Himanshu Kumar : कल रात अस्पताल से मैं और वीणा देर से लौटे . हम दो दलित महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करा कर लौटे थे. इन महिलाओं के साथ बलात्कार करने के बाद इनकी बुरी तरह पिटाई की गई है. इन्होने अपनी मजदूरी का पैसा हिसाब से मांगने की जुर्रत करी थी . उत्तर प्रदेश के दो दलित परिवार हरियाणा के भिवानी के ईंट भट्टा पर काम करने आये थे . काम करने के बाद मजदूरी ना मिलने पर इन्होने अपने घर वापिस लौटने की कोशिश करी . ईंट भट्टा मालिक ने इन सबको बुरी तरह मारा और इन्हें बंधक बना लिया . इन्हें एक गड्ढे में डाल कर रखा गया .
महिलाओं को शौच के लिये जाने पर ईंट भट्टा मालिक के गुन्डे साथ में जाते थे जो इन महिलाओं पर टार्च से रोशनी डाल कर नज़र रखते थे . इनके परिवार के एक सदस्य ने किसी तरह नज़दीकी मुंढाल पुलिस चौकी में सूचना दी . पुलिस वालों ने आकर कहा कि ' तुम चमार लोग इसी लायक हो ये औरतें बहुत ज़्यादा बात कर रही हैं इनका इलाज कर दो '. इसके बाद ईंट भट्टा मालिक और उसके गुंडों ने इन महिलाओं से बलात्कार किया . दोनों की बुरी तरह पिटाई करी गई . इनमे से एक महिला के शरीर पर पिटाई के नीले निशान पड़े हुए हैं .
किसी तरह खबर हमारे साथी तरुण और निर्मल गोराणा के पास पहुँची उन्होंने ईंट भट्टा मालिक को फोन पर दिल्ली से कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी . ईंट भट्टा मालिक ने इस परिवार के तीन किशोर बच्चों को अपने पास बंधुआ बना कर रख लिया और इन महिलाओं को जाने दिया . इन महिलाओं को चेतावनी दी गई कि यदि इन्होने मूंह खोला तो इनके बच्चों को मार डाला जाएगा . कल रात को स्वामी अग्निवेश ने भिवानी के पुलिस अधीक्षक से इस पूरी घटना के बारे में बात करी और बंधुआ बना कर रखे गये तीनों बच्चों को की जान बचाने की प्रार्थना करी . दो दिन पहले भी पुलिस अधीक्षक के कार्यालय को इस घटना के बारे में फैक्स किया गया था .लेकिन उधर से फोन पर जवाब दिया गया कि कार्यालय की फैक्स मशीन की स्याही खत्म हो गई है इसलिये फैक्स नहीं पढ़ा जा सकता .
हिमांशु कुमार के फेसबुक वॉल से.





