उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में कल रात एक पंचायत सदस्य की हत्या से गुस्साई भीड़ ने कई घरों और दुकानों को जलाकर राख कर दिया और पुलिस अधीक्षक उमेश श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गौरीबाजार थाना क्षेत्र के गांव पथरहर के निवासी पंचायत सदस्य अरण सिंह की कल शाम मठिया चौराहे पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद गुस्साई भीड़ ने पथरहर गांव को घेर लिया और पुलिस अधिकारियों के सामने ही आरोपियों के घर को आग लगा दिया जिसके कारण कई घर और दुकानें जलकर राख हो गईं। आग से घिरे एक महिला और तीन बच्चों को पुलिस ने किसी तरह बचाया। उग्र भीड़ ने मीडियाकर्मियों पर हमला कर उनके कैमरे और वाहन तोड़ डाले। गौरीबाजार थाने को घेरकर उस पर पथराव किया जिसे देखकर थानाध्यक्ष अशोक यादव थाना छोड़कर भाग गए।
हत्या के विरोध में आक्रोशित भीड़ गौरीबाजार चौराहे पर गोरखपुर मार्ग को देर रात तक जाम किये रही। मामले को गंभीर होते देख कल देर रात गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक नवीन अरोरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बंधक बनाए गए देवरिया के पुलिस अधीक्षक उमेश श्रीवास्तव को भीड़ ने देर रात रिहा कर दिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (अमर उजाला)





