नक्सली मुठभेड़ में लापता एक जवान के शव को सुरक्षा बल न तलाश कर सका, उसे आखिरकार मीडियाकर्मियों ने खोज निकाला. आंध्र प्रदेश से लगे बीजापुर और सुकमा जिले के सीमा पर स्थित पुर्वती में 17 अप्रैल को पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई थी. इस घटना में नौ नक्सली मारे गये थे. इस आपरेशन में गये जवानों को लेने आंध्र प्रदेश से बीएसएफ की हेलीकाप्टर आया था. इस दौरान नक्सलियों ने हेलीकाप्टर पर हमला कर दिया.
इस हमले के बाद आंध्र प्रदेश के ग्राउण्ड फोर्स के पांच जवान लापता हो गये थे, जिनमें से चार जवान सकुशल आंध्र के चेरला पहुंचे किन्तु एक जवान लापता था. जिसे लेकर अपहरण और हत्या जैसी अपवाहें फैल रही थी. लापता जवान की तलाश करने में छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी. फोर्स के आला अधिकारियों ने जवान की तलाश करने के लिए मीडिया से अपील करने के बाद बीजापुर से पत्रकार गणेश मिश्रा और आंध्र के मीडिया के लोग घटनास्थल पहुंचकर जवान को तलाशने में सफल हुए.
मीडिया के लोगों ने देखा कि जवान का शव कंवरगट्टा के तालाब के पास पड़ा हुआ है. इस घटना की सूचना आंध्र पुलिस को देते हुए जवान के शव की तस्वीर दिखाई. आंध्र पुलिस के आला अधिकारियों ने जवान के शव को लाने के लिए बीजापुर के गणेश मिश्रा से अनुरोध किया. अधिकारियों के अनुरोध पर गणेश ने ग्रामीणों के सहयोंग से ग्राउण्ड फोर्स सर्किल इन्सपेक्टर शिवाजी प्रकाश राव के शव को भरी बारिश के बीच पगडंडियों से ट्रैक्टर के माध्यम से चेरला तक पहुंचा कर पुलिस के हवाले कर दिया.





