इंदौर से प्रकाशित दबंग दुनिया से खबर है कि समूह संपादक पंकज मुकाती ने इस्तीफा दे दिया है. पंकज प्रबंधन के अनाश्वयक दबाव और अनप्रोफेशनल रवैये से खुश नहीं थे. काफी समय से उनके इस्तीफा दिए जाने की खबरें आ रही थीं. पंकज मुकाती की जगह महेश लिलोरिया ने संपादक के रूप में दबंग दुनिया ज्वाइन किया है. महेश लिलोरिया संदेश से इस्तीफा देकर दबंग दुनिया पहुंचे हैं. इसके पहले वे दैनिक भास्कर में भी रह चुके हैं.
पहले चर्चा थी कि पिछले दिनों दैनिक भास्कर से इस्तीफा देने वाले कमलेश सिंह दबंग दुनिया के संपादक बनने वाले हैं, लेकिन उन्होंने पहले ही ऐसी किसी संभावना से इनकार कर दिया था. सूत्रों का कहना है कि दबंग दुनिया के मालिक किशोर वाधवानी ने कमलेश सिंह को अखबार से जोड़ कर इसे ब्रांड बनाने के लिए काफी जुगत लगाई परन्तु अखबार में मौजूद परिस्थितियों के चलते कमलेश सिंह ने इनकार कर दिया. कमलेश सिंह अब एक मई को इंडिया टुडे ग्रुप ज्वाइन करेंगे. इधर, पंकज मुकाती के अमर उजाला में वापसी किए जाने की खबरें आ रही हैं. हालांकि यह पूरी तरह पुष्ट नहीं है. दूसरी सूचना है कि पंकज बीबीसी हिंदी के साथ भी जा सकते हैं. इसके लिए बीबीसी में उनकी एक दौर का इंटरव्यू हो जाने की खबर है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो पंकज मुकाती जून में बीबीसी हिंदी के साथ जुड़ सकते हैं.





