: घायलों में भी एक परिवार के नौ लोग : इलाहाबाद। कौशांबी जिले के कड़ाधाम मंदिर में दर्शन करने जा रहे लोग सड़क हादसे की चपेट में आ गए। इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर तेज स्पीड में आ रही डीसीएम से बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन सगे भाई-बहन हैं। जबकि, तेरह घायलों में एक ही परिवार के नौ लोग शामिल हैं।
हादसा प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कस्बा के पास बरई में 25 अप्रैल को हुआ। पूरनपुर खास में रहने वाले भइयाराम सरोज अपने परिवार के साथ कड़ाधाम स्थित शीतला मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। किराये की बोलेरो में छोटी उम्र के बच्चों समेत कुल सत्रह लोग सवार थे। बोलेरो बरई के पास पहुंची तभी लखनऊ की ओर से आ रही डीसीएम की टक्कर बोलेरो से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। उसका अगला हिस्सा पिचक गया। टक्कर होते ही वहां चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
भइयाराम की दो नातिन प्रिया (5), प्राची (8) और नाती प्रिंस (3) समेत लाखूपुर के राकेश कुमार की बेटी सरिता ने भी दम तोड़ दिया। इसके अलावा भइयाराम (45) उनकी पत्नी निर्मला (40) बेटी सुमन (28) बेटा सुरेंद्र कुमार (20), बहू सुशीला (22), बेटी मिथिलेश (35), रिया (8) अंश (6), शिवम (4) के अलावा लाखूपुर के ही रहने वाले गया प्रसाद की बेटी सुषमा (20), व लाल बहादुर (35) घायल हो गए। घायलों में मिथिलेश और लाल बहादुर की दशा गंभीर बनी हुई है।
इलाहाबाद से शिवाशंकर पांडेय की रिपोर्ट.





