बंगाल में एक और चिटफंड कंपनी का अखबार बंद हो गया है. टावर ग्रुप के मालिक रामेंदु चटर्जी ने समूह के अखबार 'प्रात्यिकी' को बंद कर दिया. इस अखबार के कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं दिया गया है. लगभग एक साल पहले चटर्जी के टावर ग्रुप ने प्रात्यिकी को लांच किया था, लेकिन कुछ महीने बाद ही अखबार की हालत खराब हो गई.
शारदा समूह पर शिकंजा कसने के बाद रामेंदु चटर्जी ने कोलकाता प्रेस क्लब में एक पत्रकारवार्ता भी करने की कोशिश की, परन्तु उनके समूह से जुड़े पत्रकारों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया. पत्रकारों ने आरोप लगाया कि रामेंदु ने उनके चार माह का वेतन हड़प लिया है. अखबार के मीडियाकर्मियों ने रामेंदु को घेर लिया और बंधक बनाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस एवं अन्य लोगों के सहयोग से वे बच पाने में सफल रहे.





