वरिष्ठ पत्रकार ज्योर्तिमय डे की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार पत्रकार जिगना वोरा अब मीडिया से ही परेशान हो उठी है। जिग्ना ने महाराष्ट्र संगठित अपराध अधिकार नियंत्रण (मकोका) कोर्ट से इस मामले की बंद कमरे में सुनवाई की मांग की। विशेष सरकारी वकील दिलीप शाह ने बताया कि जिगना ने एक अर्जी देकर इस मामले की बंद कमरे में सुनवाई किये जाने की मांग की है। उसने यह भी मांग की है कि मीडिया को पूरी तरह से दूर रखा जाए।
हालांकि दिलीप शाह ने अदालत में दलील दी कि मकोका के अंदर कोई ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो मीडिया पर पाबंदी लगाती हो। उल्लेखनीय है कि एशियन एज की ब्यूरो उप प्रमुख जिग्ना वोरा को 25 नवम्बर को जेडे हत्याकांड के आरोपी के तौर पर मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया था। जिग्ना पर आरोप है कि उसने जेडे की बाइक का नम्बर और पता जैसी बेसिक जानकारियां छोटा राजन गैंग को उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने इस मामले में एक दर्जन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है, हालांकि अभी जिग्ना का नाम इसमें नहीं दिया गया है, परन्तु पुलिस ने अपने 3,055 पन्नों के आरोप पत्र में जिग्ना पर प्रोफेशनल प्रतिद्वंद्विता के चलते छोटा राजन को जेडे की हत्या के लिए प्रेरित करने की बात कही है। इस मामले में गिरफ्तार 11वीं आरोपी जिगना के खिलाफ आगे की तारीख में एक पूरक आरोपपत्र दाखिल किया गया था। गौरतलब है कि मिड डे के क्राइम रिपोर्टर जेडे की हत्या 11 जून को मुंबई के पवई इलाके में गोली मारकर कर दी गई थी।





