उड़ीसा के बलांगीर जिले में निर्माणाधीन लोअर बांध का विरोध कर रहे लोगों की खबर कवरेज करने गए पत्रकारों पर भी पुलिस ने लाठी चार्ज की. एक पत्रकार की जमकर पिटाई करने के बाद उसका कैमरा भी तोड़ दिया गया. नाराज पत्रकारों ने डीआईजी को पत्रक देकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार बांध का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस लाठियां बरसा रही थी. इसी बीच पूरे घटना का कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों पर भी पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी. इसमें कई मीडियाकर्मी घायल हो गए. पुलिस कर्मियों ने खासकर मीडियाकर्मी अमिताभ पात्र की पिटाई की. उनका कैमरा भी तोड़ दिया. पत्रकार संगठन पुलिस के इस कार्रवाई की निंदा करते हुए विरोध स्वरूप उत्तारांचल पुलिस डीआईजी कार्यालय के समक्ष संबलपुर प्रेस और मीडियाकर्मियों ने प्रदर्शन किया और घटना की जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की.
उत्तारांचल पुलिस डीआइजी के अवकाश पर होने से पश्चिमांचल पुलिस डीआईजी आरके शर्मा के नाम ज्ञापन प्रेषित कर पूरे मामले की जानकारी दी तथा आरोपी पुलिस वाले के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की. पत्रकार संगठनों ने बताया है कि मीडियाकर्मी अमिताभ पात्र खबर संग्रह करने बलांगीर जिले के मागुरबेडा गए थे, जहां उनके हाथों में कैमरा देखने के बाद भी पुलिस वालों ने उन पर लाठी बरसाई. घायल अमिताभ को बलांगीर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.






