चाईबासा। जितेंद्र सिंह के हत्यारों को अरेस्ट करने की मांग को लेकर पत्रकारों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। सिंहभूम जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर खूंटी के पत्रकार जीतेंद्र सिंह के हत्यारे की गिरफ्तारी करवाने की मांग की है। एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रभारी उपायुक्त सह उप विकास आयुक्त बालकिशुन मुंडा को राज्यपाल के नाम पांच सूत्री ज्ञापन सौंपकर इस हत्याकांड की निंदा भी की है।
एसोसिएशन ने पत्रकार जीतेंद्र सिंह के हत्यारे को अविलंब गिरफ्तार करने, स्वर्गीय सिंह के परिजनों को नक्सली हिंसा के प्रावधान के मुताबिक दस लाख रुपए का मुआवजा देने, उनके आश्रितों को सरकारी नौकरी देने, पत्रकारों के जानमाल की सुरक्षा की गारंटी देने व राज्य में पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन में इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने की चेतावनी भी दी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव नयनम, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, संतोष सुलतानियां, शिशिर टोप्पो, संतोष कुमार, भागीरथी महतो, गौरीशंकर झा, रमेंद्र कुमार सिन्हा, सुजीत कुमार साहू, राजा राम गुप्ता, आनंद प्रियदर्शी, प्रभात कुमार राय आदि शामिल थे। एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपने के बाद बैठक कर स्वर्गीय जीतेंद्र कुमार सिंह की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की। गौरतलब है कि खूंटी के पत्रकार जीतेंद्र कुमार सिंह की नक्सलियों ने 27 अप्रैल को हत्या कर दी थी।





